एनएच-53 बसना–सरायपाली बायपास का जेब्रा क्रॉसिंग बना हादसों का हॉटस्पॉट, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो गंभीर

महासमुंद जिले में एनएच-53 के बसना–सरायपाली बायपास स्थित जेब्रा क्रॉसिंग लगातार सड़क हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने यहां यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर चिंता जताई है। इसी बीच सड़क पार कर रहे दुपहिया सवार दंपति को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें रायपुर रेफर किया गया।

Aug 1, 2026 - 16:55
 0  2
एनएच-53 बसना–सरायपाली बायपास का जेब्रा क्रॉसिंग बना हादसों का हॉटस्पॉट, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो गंभीर

UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुंद l महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (एनएच-53) पर बसना–सरायपाली एंट्री बायपास स्थित जेब्रा क्रॉसिंग और मोड़ क्षेत्र सड़क दुर्घटनाओं का संवेदनशील केंद्र बनता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि इस स्थान पर प्रतिदिन भारी यातायात का दबाव रहता है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रायपुर और बरगढ़ की ओर से आने वाली कई यात्री बसें निर्धारित स्टॉपेज के बजाय जेब्रा क्रॉसिंग या सड़क के बीचों-बीच ही यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के लिए रुक जाती हैं। इससे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। पैदल सड़क पार करने वाले लोगों को भी हर दिन जोखिम उठाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की नियमित निगरानी एवं जांच अभियान का अभाव है। यदि बसों को केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही रुकने के लिए बाध्य किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, तो सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है।

क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति भी चिंता का विषय है। जेब्रा क्रॉसिंग एक ऐसे मोड़ के समीप स्थित है जहां वाहनों की रफ्तार अपेक्षाकृत अधिक रहती है। वहीं सड़क के दोनों ओर बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान, आबादी वाले क्षेत्र और ग्रामीण मार्ग जुड़े होने के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन इसी स्थान से सड़क पार करते हैं।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि करीब चार किलोमीटर के दायरे में पैदल यात्रियों के लिए कोई फुटओवर ब्रिज, अंडरपास या अन्य सुरक्षित क्रॉसिंग उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लोगों को मजबूरी में इसी जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

इसी बीच शनिवार को इसी स्थान के पास एक और गंभीर हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे दुपहिया वाहन सवार महिला और पुरुष को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार दोनों घायल जगदीशपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर के बड़े अस्पताल रेफर किया गया।

स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से संयुक्त निरीक्षण कर तकनीकी सर्वे कराने तथा बस-बे, स्पष्ट संकेतक बोर्ड, गति नियंत्रण उपाय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी संकेत और सुरक्षित पैदल पारपथ जैसी स्थायी सुविधाएं विकसित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।