लूट की वारदात का मुख्य आरोपी कनवर बाग गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी कनवर बाग को पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने तीन साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Aug 1, 2026 - 16:50
 0  5
लूट की वारदात का मुख्य आरोपी कनवर बाग गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कनवर बाग को गिरफ्तार कर लिया है। प्रो-एक्टिव पुलिसिंग के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अजीत नाडार ने चौकी रामनगर, थाना गुढ़ियारी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उसका पुत्र घर से दुकान की ओर गया था। जब वह गोपालनगर पहुंचा, तभी मोहल्ले का कनवर बाग अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने पहले अश्लील गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पास मौजूद नकदी लूटकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 311/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 296, 351(2), 115(2) एवं 3(5) के तहत मामला कायम किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडेय, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा तथा रामनगर चौकी प्रभारी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में रामनगर चौकी पुलिस ने प्रार्थी और पीड़ित युवक से विस्तृत पूछताछ की तथा आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी कनवर बाग का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर उसे विधिसम्मत कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कनवर बाग, पिता स्वर्गीय अजीत बाग, उम्र 40 वर्ष, निवासी समता कॉलोनी, थाना आजाद चौक, रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य तीन आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।