कुम्हारी (ज़ारा) को विधायक अनुज शर्मा की ₹76.69 लाख की विकास सौगात, विकास कार्यों का लोकार्पण व वृक्षारोपण

धरसीवां विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम कुम्हारी (ज़ारा) में ₹76.69 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत पौधरोपण भी किया। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र में विकास की नई गति आने की बात कही।

Aug 1, 2026 - 16:47
 0  2
कुम्हारी (ज़ारा) को विधायक अनुज शर्मा की ₹76.69 लाख की विकास सौगात, विकास कार्यों का लोकार्पण व वृक्षारोपण

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर जिले की धरसीवां विधानसभा अंतर्गत ग्राम कुम्हारी (ज़ारा) को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। विधायक अनुज शर्मा ने शनिवार को गांव में ₹76.69 लाख की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 'वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026' के तहत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा का ग्रामीणों ने पुष्पहार, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

लोकार्पण किए गए विकास कार्यों में महामाया मंदिर के पास तीन सामुदायिक भवनों का निर्माण (₹10 लाख), शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शेड निर्माण (₹15 लाख), मुख्य मार्ग से हनुमान मंदिर तक सीसी रोड (₹10 लाख), नवीन आंगनबाड़ी भवन (₹11.69 लाख), गौठान में बाउंड्री वॉल (₹20 लाख) तथा मुक्तिधाम में सीसी रोड निर्माण (₹10 लाख) शामिल हैं। इन सभी कार्यों की कुल लागत ₹76.69 लाख है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुज शर्मा ने कहा कि ये केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि गांव के विकास, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और ग्रामीणों की सुविधाओं की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि धरसीवां विधानसभा के प्रत्येक गांव का संतुलित और तेज गति से विकास उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सामाजिक अधोसंरचना को मजबूत कर ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्कूल में शेड बनने से विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी, जबकि नए आंगनबाड़ी भवन से बच्चों और माताओं को बेहतर वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाते हुए धरसीवां को विकास के नए शिखरों तक पहुंचाना उनका संकल्प है। गांव की भविष्य की आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

वृक्षारोपण अभियान के दौरान अनुज शर्मा ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करना आवश्यक है।

ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में विकास की नई गति आई है। ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से जिन मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वे अब पूरी हो रही हैं, जिससे गांव के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र का विकास इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।