स्मार्ट मीटर पर जनता को गुमराह करना बंद करे कांग्रेस, निर्णय भूपेश सरकार ने लिया था: चेमन देशमुख

भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय वर्ष 2022 में तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने लिया था। उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस योजना को कांग्रेस ने मंजूरी दी, आज उसी का विरोध कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।

Aug 1, 2026 - 16:43
 0  6
स्मार्ट मीटर पर जनता को गुमराह करना बंद करे कांग्रेस, निर्णय भूपेश सरकार ने लिया था: चेमन देशमुख

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने स्मार्ट मीटर योजना को लेकर कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय वर्ष 2022 में तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में लिया गया था। ऐसे में आज कांग्रेस द्वारा इस योजना का विरोध करना केवल राजनीतिक नौटंकी है।

चेमन देशमुख ने बताया कि केंद्र सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत जुलाई 2022 में स्मार्ट मीटर परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी मिली थी। इसके बाद सितंबर 2022 में टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिस योजना के तहत स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, वह उसी समय जारी की गई निविदा और कार्यादेश के आधार पर संचालित हो रही है।

उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन की शुरुआत फरवरी 2024 में हुई और इसके तहत प्रदेश के लगभग 55 लाख बिजली उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह पूरी प्रक्रिया कांग्रेस सरकार के समय लिए गए निर्णय का परिणाम है।

चेमन देशमुख ने कांग्रेस नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि जब स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय उनकी सरकार ने लिया था, तब उन्होंने इसका विरोध क्यों नहीं किया। अब सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से सड़कों पर उतर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता और उनके समर्थक जनता को यह बताने से बच रहे हैं कि स्मार्ट मीटर योजना की आधारशिला उनकी ही सरकार ने रखी थी। ऐसे में कांग्रेस को पहले अपने निर्णयों की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए और जनता को गुमराह करने से बचना चाहिए।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना से जुड़े सभी प्रशासनिक निर्णय कांग्रेस शासनकाल में लिए गए थे और वर्तमान सरकार केवल पूर्व में स्वीकृत परियोजना का क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर तथ्यों के आधार पर जनता के सामने अपनी बात रखने की अपील की।