565 किलो गांजा तस्करी मामले में तीसरा अंतर्राज्यीय आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार, एस्कॉर्ट कार जब्त

एमसीबी जिले के नागपुर चौकी पुलिस ने 565 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे तीसरे अंतर्राज्यीय आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में गांजा लोड वाहनों को रास्ता क्लीयर कराने के लिए इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है। मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

Sep 13, 2026 - 18:35
 0  2
565 किलो गांजा तस्करी मामले में तीसरा अंतर्राज्यीय आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार, एस्कॉर्ट कार जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l एमसीबी जिले के थाना पोंड़ी अंतर्गत नागपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में सामने आए 565 किलो गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे अंतर्राज्यीय आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल गांजा लदे वाहनों को रास्ता क्लीयर कराने यानी एस्कॉर्ट करने में किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

मामला 5 जून 2026 की दरम्यानी रात का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उजियारपुर में दो स्विफ्ट डिजायर कारें लावारिस हालत में खड़ी हैं। सूचना के आधार पर नागपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों की जांच की। पुलिस के मुताबिक, कार क्रमांक OR 15 R 8100 से 305 पैकेट में कुल 305 किलो गांजा और कार क्रमांक CG 04 NC 1803 से 260 पैकेट में 260 किलो गांजा बरामद किया गया। दोनों वाहनों से कुल 565 किलो अवैध गांजा जब्त किया गया था।

मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना पोंड़ी में अपराध क्रमांक 90/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने धारा 20(बी), 2(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी रवि कुमार कुजूर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी पोंड़ी तथा नागपुर चौकी प्रभारी स.उ.नि. शेषनारायण सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई आगे बढ़ाई। पुलिस ने मामले में पहले दो फरार आरोपियों को 21 अगस्त 2026 को जशपुर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद तीसरे आरोपी की तलाश जारी रही। पुलिस ने 11 सितंबर 2026 को राउरकेला, ओडिशा से देव आशीष कुमार टांडिया को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी देव आशीष कुमार टांडिया की उम्र 30 वर्ष है और वह मेहताब नगर बुरला, थाना बुरला, जिला संबलपुर, ओडिशा का निवासी है। इसके अलावा मामले में मो. समीर, उम्र 26 वर्ष, निवासी प्लांट साईड राउरकेला और सचिन्द्र राउत, उम्र 29 वर्ष, निवासी उज्जवलपुर, थाना लेपडीपडा, जिला सुन्दरगढ़ को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस ने तीसरे आरोपी देव आशीष के कब्जे से स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक OD 15 F 1645 भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक इस वाहन का इस्तेमाल गांजा परिवहन में आगे चलकर रास्ता क्लीयर कराने के लिए किया जाता था। मामले में पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में पूर्व थाना प्रभारी पोंड़ी उप निरीक्षक ओ.पी. दुबे, वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत श्याम, चौकी प्रभारी नागपुर स.उ.नि. शेषनारायण सिंह, प्रधान आरक्षक मुमताज खान, ललित यादव, सुरेश गौड़, आरक्षक प्रमोद रौतिया सहित चौकी स्टाफ का योगदान रहा। नागपुर चौकी पुलिस की कार्रवाई के बाद 565 किलो गांजा तस्करी के मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी जारी है।