बेमेतरा में ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’ अभियान: स्कूली बच्चों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा द्वारा ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। बच्चों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन शोषण से बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी दी गई।

Oct 30, 2026 - 17:41
 0  2
बेमेतरा में ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’ अभियान: स्कूली बच्चों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बच्चों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन शोषण से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान की थीम ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’ रखी गई है। इसके तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में जागरूकता शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी जा रही है।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सरोज नंद दास के मार्गदर्शन और सचिव स्वर्णलता ओम यादव के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गुरुकृपा पब्लिक स्कूल बालसमुंद, हायर सेकेंडरी स्कूल बालसमुंद, पीएमश्री अभ्यास शाला बेमेतरा, शासकीय मिडिल स्कूल झाल, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल लेंजवारा, शासकीय हाई स्कूल पाटौरा सहित साजा विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल हरडुवा और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल मोहगांव में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।

शिविरों में विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, अश्लील सामग्री के प्रसारण और ऑनलाइन शोषण जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया गया। बच्चों को समझाया गया कि इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है। अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड और फोटो किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचने की सलाह दी गई।

बच्चों को यह भी बताया गया कि यदि उन्हें सोशल मीडिया या इंटरनेट पर कोई आपत्तिजनक संदेश, धमकी या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो डरने या चुप रहने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता अथवा शिक्षकों को इसकी जानकारी दें। जरूरत पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा साइबर अपराध से संबंधित शिकायत आधिकारिक पोर्टल http://www.cybercrime.gov.in पर दर्ज कराई जा सकती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार इस अभियान का शुभारंभ 10 अक्टूबर 2026 को किया गया था। अभियान का प्रथम चरण 26 से 31 अक्टूबर तक जिले के स्कूलों में विशेष रूप से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करना और उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी देना है।

इन जागरूकता कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास विभाग, पैनल अधिवक्ता, चाइल्ड हेल्पलाइन टीम और अधिकार मित्रों ने भी सहभागिता निभाई। अभियान के माध्यम से बच्चों को संदेश दिया जा रहा है कि डिजिटल दुनिया में जागरूकता और सतर्कता ही उनकी सुरक्षा का मजबूत आधार है।