ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठे विजय शर्मा, जनसंवाद में सुनी समस्याएं और विकास कार्यों की घोषणाएं कीं

कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, पुलिया, आवास, खेल, बिजली और ग्रामीण विकास से जुड़े करोड़ों रुपये के कार्यों की घोषणा की।

Jul 25, 2026 - 12:52
 0  3
ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठे विजय शर्मा, जनसंवाद में सुनी समस्याएं और विकास कार्यों की घोषणाएं कीं

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम भेंड्रा नवागांव और पीरचाटोला में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं, सुझाव और विकास संबंधी मांगें सुनीं तथा कई मांगों पर तत्काल घोषणाएं करते हुए क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने ग्राम बोटेसुर से नवागांव तक एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण की घोषणा की। वहीं ग्राम पीरचाटोला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा वीबीजीरामजी योजना के तहत पुलिया निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति दिलाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि भेंड्रा नवागांव, बोटेसुर और आसपास के गांवों में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, बोर खनन, रंगमंच, आहता निर्माण तथा आंतरिक विद्युतीकरण जैसे अनेक विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इसके अलावा सूरजपुरा पंचायत में 51 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण भी कराया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्टेडियम में नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं, ताकि आसपास के 15 से 20 गांवों के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर सकारात्मक दिशा दी जा सके। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली का विकास होता है।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि पीरचाटोला में 40, सूरजपुरा में 57, पेण्ड्रातराई में 61, बैगापारा में 65 तथा बोटेसुर में 75 आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई थी और बीते ढाई वर्षों में 11 लाख आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।

उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया। विजय शर्मा ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह डेयरी, दुग्ध उत्पादन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। यदि समूह योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें तो शासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में उन्होंने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना आवश्यक है। उन्होंने बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर के किसानों का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां कई किसान सफलतापूर्वक जैविक खेती कर बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं।

बिजली व्यवस्था पर चर्चा करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गांव और कृषि फीडर अलग किए जा रहे हैं। साथ ही पुराने बिजली बिलों के बकाया के समाधान के लिए भी शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष दुर्गा पटेल, जनपद उपाध्यक्ष अशोक पटेल, परेटन वर्मा, लाला राम साहू, भूखन साहू, परदेशी पटेल, जलेश्वर वर्मा, सरपंच दुर्गा संतराम साहू, उप सरपंच हरिहर दास मानिकपुरी, राजू साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।