सुशासन तिहार: जमीन पर बैठकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश
कवर्धा के ग्राम पंचायत बम्हनी में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं जमीन पर बैठकर सुनीं और अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में पीएम आवास, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा जिले के ग्राम पंचायत बम्हनी में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर ग्रामीणों के लिए सीधे संवाद और त्वरित समाधान का महत्वपूर्ण मंच बन गया। शिविर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जमीन पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। उनकी इस सादगी और संवेदनशील कार्यशैली की ग्रामीणों ने सराहना की।
समाधान शिविर में बम्हनी सेक्टर के 24 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और मांगों से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे थे। उप मुख्यमंत्री ने हर आवेदन को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन और जनता के बीच की दूरी कम करना ही ऐसे शिविरों का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम आवास केवल एक मकान नहीं बल्कि गरीब परिवारों के सपनों का घर होता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन हर परिवार का अधिकार है और सरकार इसी सोच के साथ काम कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 में बम्हनी सेक्टर की 24 ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 8066 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 7069 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं वर्ष 2025-26 में 1822 नए आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 480 आवास बनकर तैयार हो चुके हैं।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास और रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण, नाला सफाई, पुलिया निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, पक्की नाली और डबरी निर्माण सहित 163 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों पर लगभग 4 करोड़ 92 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं विभिन्न योजनाओं में कार्यरत मजदूरों को अब तक 3 करोड़ 73 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने स्व सहायता समूहों की महिलाओं की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि बम्हनी सेक्टर के 456 स्व सहायता समूहों को 68 लाख 40 हजार रुपये की चक्रीय निधि और 312 समूहों को 1 करोड़ 87 लाख 20 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश निधि प्रदान की गई है। इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति और रणनीति के कारण प्रदेश में सशस्त्र नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। साथ ही उन्होंने महतारी वंदन योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए गए। 13 लोगों को पेंशन पत्र, 3 हितग्राहियों को आवास की चाबी, 25 लोगों को राशन कार्ड, 14 लोगों को जॉब कार्ड, 10 लोगों को आयुष्मान कार्ड और कई किसानों को किसान पुस्तिका व कृषि ऋण चेक दिए गए। इसके अलावा कक्षा 12वीं में 92.2 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छात्र खेमलाल गंधर्व को सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी और लाभ समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।