DIG रामकृष्ण साहू ने बेमेतरा कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, बेहतर पुलिसिंग के दिए सख्त निर्देश

पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने बेमेतरा पुलिस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने सूचना तंत्र, बीट व्यवस्था, कम्यूनिटी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए त्वरित कार्रवाई, नियमित चेकिंग और जनसंपर्क मजबूत करने के निर्देश दिए।

Jul 6, 2026 - 16:42
 0  4
DIG रामकृष्ण साहू ने बेमेतरा कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, बेहतर पुलिसिंग के दिए सख्त निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बेमेतरा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय से ही आम नागरिकों का विश्वास मजबूत होगा।

निरीक्षण के दौरान रामकृष्ण साहू ने कंट्रोल रूम में संधारित अभिलेखों, लॉग बुक और सूचना प्रबंधन व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना को बिना विलंब संबंधित अधिकारी तक पहुंचाया जाए तथा उस पर की गई कार्रवाई का विवरण निर्धारित रजिस्टर और लॉग बुक में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आम नागरिकों के फोन आने पर उनकी शिकायतों और सूचनाओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए तथा तत्काल संबंधित थाना या चौकी प्रभारी को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं के लिए अलग रजिस्टर संधारित करने और उन मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि सूचना तंत्र जितना मजबूत होगा, अपराध नियंत्रण उतना ही प्रभावी होगा।

बैठक में थाना और चौकी प्रभारियों को वीआईपी तथा वीवीआईपी दौरों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यक्रमों की पूर्व जानकारी लेकर समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर आम नागरिकों से संवाद बढ़ाने, बीट व्यवस्था को सुदृढ़ करने और निगरानीशुदा तथा सूचीबद्ध अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बीट पुस्तिका को नियमित रूप से अद्यतन करने पर भी विशेष जोर दिया।

रामकृष्ण साहू ने कम्यूनिटी पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण के लिए मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने तथा विजिबल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने सरप्राइज चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाने, वाहनों की सघन जांच करने और "सशक्त एप" का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई, बस स्टैंड, चौपाटी और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित जांच तथा संदिग्ध व्यक्तियों, ठेला एवं गुमटी संचालकों और फेरीवालों का सत्यापन करने पर भी विशेष बल दिया।

निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव सहित जिले के विभिन्न पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्देशों के अनुरूप पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।