अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी जशपुर सख्त, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण व ताबड़तोड़ चेकिंग के निर्देश

एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक में अनुविभागवार लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों की समीक्षा की। ओवरस्पीड, नशे में वाहन चलाने, अवैध धान परिवहन व अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Dec 14, 2025 - 17:25
 0  13
अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी जशपुर सख्त, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण व ताबड़तोड़ चेकिंग के निर्देश

 UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव, जशपुर | पुलिस कार्यालय जशपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने अनुविभागवार थाना–चौकी के लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। वर्ष का अंतिम माह होने के कारण लंबित प्रकरणों के त्वरित निपटारे हेतु विवेचकों को कड़ी चेतावनी देते हुए सचेत किया गया।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में किसी भी स्तर पर संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौ-तस्करी, अवैध शराब, गांजा तस्करी, जुआ, सट्टा एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही लघु अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट के मामलों में भी गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था को लेकर ओवरस्पीड, नशे में वाहन चलाने, तीन सवारी, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वालों के विरुद्ध ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। एक्सीडेंट की स्थिति में पूर्व से “लाइन ऑफ एक्शन” तैयार रखने, घायल के त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ब्लैक स्पॉट पर विशेष कार्रवाई के निर्देश यातायात शाखा को दिए गए।

एसएसपी ने झारखंड से छत्तीसगढ़ में हो रहे अवैध धान परिवहन पर सीमावर्ती क्षेत्रों एवं चेक-प्वाइंट्स पर सघन निगरानी रखने और सूचना मिलते ही त्वरित विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए। आगामी वीआईपी एवं वीवीआईपी प्रवास को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभी से सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।

कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुखबिर तंत्र को अधिक सक्रिय करने, विश्वसनीय सूत्रों का नेटवर्क बढ़ाने और प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति थाना या चौकी से निराश होकर न लौटे, सभी के साथ शालीन व्यवहार हो और शिकायतों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, सभी एसडीओपी, उप पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक, समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।