सेलगांव सेकेंडरी स्कूल में कोटपा 2003 की जानकारी देकर किया गया जागरूकता कार्यक्रम

भानुप्रतापपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलगांव में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कोटपा 2003 की जानकारी देकर छात्रों व शिक्षकों को तंबाकू के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया और स्कूल को तंबाकू मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।

Dec 14, 2025 - 17:35
 0  23
सेलगांव सेकेंडरी स्कूल में कोटपा 2003 की जानकारी देकर किया गया जागरूकता कार्यक्रम

UNITED NEWS OF ASIA. श्रीदाम ढाली, कांकेर | भानुप्रतापपुर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलगांव में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल को तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान बनाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय कांकेर के साइकोलॉजिस्ट मुकेश जैन ने तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियाँ, स्ट्रोक सहित कई घातक रोग होते हैं। साथ ही यह रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाकर व्यक्ति के संपूर्ण स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है।

कार्यक्रम के दौरान कोटपा 2003 (सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) की विस्तृत जानकारी दी गई। मुकेश जैन ने बताया कि यह कानून तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन, उत्पादन और व्यापार को नियंत्रित करता है तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रतिबंध लगाता है। इसके अंतर्गत नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने पर रोक है और नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने का प्रावधान है। इस कानून का मुख्य उद्देश्य आमजन को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना है।

सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप सिन्हा द्वारा विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित ग्रामवासियों को तंबाकू से बने उत्पादों के सेवन से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा विद्यालय को तंबाकू मुक्त स्कूल बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य मोहनलाल निषाद, नोडल व्याख्याता खेमलाल कटेंद्र सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से तंबाकू के खिलाफ जागरूकता का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।