सिरगिट्टी ओवर ब्रिज पर भीषण सड़क हादसा, एक गंभीर घायल
बिलासपुर के सिरगिट्टी ओवर ब्रिज पर दो बाइकों की टक्कर में एक युवक गंभीर घायल हुआ। पुल की जर्जर हालत, गड्ढे, गंदगी और स्ट्रीट लाइटों के बंद रहने को स्थानीय लोगों ने हादसे का कारण बताया।
UNITED NEWS OF ASIA.विष्णु, बिलासपुर | के सिरगिट्टी इंडस्ट्री एरिया के सेक्टर ‘बी’ स्थित ओवर ब्रिज पर शनिवार रात लगभग 9 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। दो मोटरसाइकिलों के आपस में टकराने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। घायलों में संतोष यादव शामिल हैं जिन्हें तुरंत श्री रामडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें (CG10AF4191 और CG10AW0611) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस फरार आरोपी बाइक चालक की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सिरगिट्टी ओवर ब्रिज की स्थिति अत्यंत खराब है और लगातार होने वाली दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। पुल पर जगह-जगह बड़े गड्ढे पड़े हैं, जिससे दोपहिया वाहन असंतुलित हो जाते हैं। ब्रिज के किनारों पर जमा धूल-मिट्टी हल्की नमी में फिसलन पैदा कर देती है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
इसके अलावा, ब्रिज पर लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं। मौके पर केवल एक-दो लाइटें ही जलती मिलीं, जिससे रात के समय ब्रिज अंधेरे में डूब जाता है और वाहन चालकों को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तुरंत ब्रिज की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और समुचित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की जनता सुरक्षित यात्रा कर सके और ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।