संकल्प बजट 2026-27 से विकास को गति, कबीरधाम को मिली सौगातें : नपा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी
कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने छत्तीसगढ़ के बजट 2026-27 को विकासोन्मुखी और जनकल्याणकारी बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में कबीरधाम जिले को सड़क, पेयजल और शिक्षा क्षेत्र में विशेष सौगातें मिली हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रस्तुत बजट वर्ष 2026-27 पर विस्तृत प्रतिक्रिया देते हुए इसे विकासोन्मुखी, जनकल्याणकारी एवं संतुलित बजट बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत ‘संकल्प’ थीम आधारित बजट प्रदेश के समग्र एवं सतत विकास का स्पष्ट रोडमैप है।
कबीरधाम को मिली सौगातें
चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि बजट में कवर्धा से खम्हरिया मार्ग तक सड़क उन्नयन एवं चौड़ीकरण के लिए 23 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कबीरधाम जिले के पंडरिया में नालंदा परिसर निर्माण की घोषणा युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम है। सुतियापाट से ठाठापुर तक पेयजल आपूर्ति हेतु 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के अंतर्गत नगर पालिका और नगर पंचायतों को शामिल करने के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और पेयजल सहित अन्य विकास कार्यों के लिए भी बजट में व्यवस्था की गई है।
शिक्षा व स्वास्थ्य का सुदृढ़ीकरण
उन्होंने कहा कि बजट में नए विद्यालयों की स्थापना, उन्नयन कार्य एवं डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे प्रावधान स्वागतयोग्य हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, अस्पतालों के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं के आधुनिकीकरण को जनहित में अहम कदम बताया। किसानों के लिए समर्थन मूल्य, कृषि योजनाओं और सिंचाई परियोजनाओं में वृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
महिलाओं की आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार योजनाओं और युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को उन्होंने सकारात्मक पहल बताया। लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन, निवेश को बढ़ावा और व्यापारिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण से आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई।
उन्होंने कहा कि बजट में अधोसंरचना विकास, नई सड़कों, पुल-पुलियों, शहरी सुविधाओं, पेयजल, सीवरेज एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है। होम्योपैथी कॉलेज निर्माण सहित विभिन्न प्रावधानों से नगर निकायों को विकास कार्यों में गति मिलेगी।
बजट संतुलित और दूरदर्शी
चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि यह बजट संतुलित एवं दूरदर्शी है, जो छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि प्रदेश आने वाले समय में और अधिक समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनेगा।