साहसपुर लोहारा थाने का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, उत्कृष्ट कार्यालयीन व्यवस्था पर कर्मचारियों को किया पुरस्कृत

कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने साहसपुर लोहारा थाने का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उत्कृष्ट कार्यालयीन कार्य के लिए थाना कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया गया।

Aug 5, 2026 - 19:15
 0  2
साहसपुर लोहारा थाने का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, उत्कृष्ट कार्यालयीन व्यवस्था पर कर्मचारियों को किया पुरस्कृत

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बुधवार दोपहर साहसपुर लोहारा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। उत्कृष्ट कार्यालयीन व्यवस्था और अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण से संतुष्ट होकर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया।

पुलिस अधीक्षक के जिले का कार्यभार संभालने के बाद लगातार विभिन्न थाना एवं चौकियों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में साहसपुर लोहारा थाना पहुंचकर उन्होंने रोजनामचा, अपराध पंजी, ड्यूटी रजिस्टर, विभिन्न पंजियों, कार्यालयीन अभिलेखों एवं फाइलों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण में सभी रिकॉर्ड सुव्यवस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी विभागीय प्रशिक्षण में शामिल होने के कारण उपस्थित नहीं थे, जबकि थाना में पदस्थ अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, मालखाना, बैरक, शस्त्रागार, शासकीय आवास, शासकीय वाहनों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों, शिकायतों तथा विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जाए और प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना में पदस्थ सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस अधीक्षक स्तर पर आने वाली समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा तथा वरिष्ठ कार्यालय से जुड़े मामलों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रेषित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने कोई विशेष समस्या प्रस्तुत नहीं की।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि आमजन का विश्वास बनाए रखना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से थाना के मुंशी एवं मददगार द्वारा रजिस्टरों, फाइलों और अन्य कार्यालयीन अभिलेखों के उत्कृष्ट रखरखाव एवं सुव्यवस्थित संधारण की सराहना की गई। उनके बेहतर कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यालयीन व्यवस्था को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को विभाग हमेशा प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनसेवा की भावना के साथ टीमवर्क को मजबूत बनाकर ही आम जनता का विश्वास और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह, संवेदनशील तथा प्रभावी बनाना है, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बेहतर बनी रहे और नागरिकों को त्वरित न्याय मिल सके।