रजिस्ट्री भूमि पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

बालोद में रजिस्ट्रीशुदा निजी भूमि पर कथित अवैध कब्जा और निर्माण का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर कब्जा हटाने, धमकी देने वालों पर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

Aug 4, 2026 - 17:37
 0  32
रजिस्ट्री भूमि पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद जिले में निजी रजिस्ट्रीशुदा भूमि पर कथित अवैध कब्जा और जबरन निर्माण का मामला सामने आया है। गंजपारा निवासी वेदव्यास देवांगन ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी स्वामित्व वाली जमीन पर कुछ लोगों द्वारा बलपूर्वक कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। पीड़ित ने मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, वार्ड क्रमांक 11 गंजपारा स्थित खसरा नंबर 614/70 की 0.02 हेक्टेयर भूमि उनकी माता नैनीबाई देवांगन के नाम पर पंजीकृत है। इस भूमि के स्वामित्व संबंधी सभी वैध दस्तावेज और रजिस्ट्री उपलब्ध हैं। पुराने जर्जर ढांचे को हटाकर आहाता निर्माण के लिए नगर पालिका से अनुमति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया था।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान टंडन लाल कावरे और ललित कावरे ने कथित रूप से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य में बाधा डाली, तोड़फोड़ की और जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। साथ ही अश्लील गाली-गलौज, जान से मारने तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

वेदव्यास देवांगन ने बताया कि घटना की शिकायत 8 जुलाई को बालोद थाना में की गई थी। इसके बाद तहसीलदार न्यायालय से संबंधित भूमि पर स्टे आदेश भी प्राप्त किया गया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया और न्यायालय के आदेश की भी अनदेखी की गई।

पीड़ित का कहना है कि लगातार हो रहे निर्माण और कथित धमकियों के कारण परिवार भय के माहौल में रह रहा है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो उन्हें अपनी वैध स्वामित्व वाली भूमि से वंचित होना पड़ सकता है।

मामले को लेकर वेदव्यास देवांगन समाज के कई लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और विस्तृत आवेदन सौंपकर दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई, अवैध निर्माण पर रोक तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय को शिकायत सौंप दी गई है। मामले में प्रशासन और पुलिस की ओर से जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। भूमि विवाद और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।