रायपुर में ‘नेल्स बाय सकीना’ शोरूम का शुभारंभ, विधायक संपत अग्रवाल और सैय्यद सलमा रहे मौजूद
रायपुर के शंकर नगर में ‘नेल्स बाय सकीना’ शोरूम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विधायक संपत अग्रवाल, सैय्यद सलमा, एजाज ढेबर सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शोरूम में नेल आर्ट, फैशन एक्सेसरीज़ और प्रीमियम उत्पादों की विभिन्न श्रेणियां उपलब्ध कराई गई हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित एसबीआई बैंक के समीप शनिवार को ‘नेल्स बाय सकीना’ शोरूम का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक संपत अग्रवाल, स्टार वैदिक वेलफेयर फाउंडेशन एवं वैदिक न्यूज की मैनेजिंग डायरेक्टर तथा भारतीय पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ की वाइस प्रेसिडेंट सैय्यद सलमा, पूर्व महापौर एजाज ढेबर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों ने फीता काटकर शोरूम का शुभारंभ किया और संचालक सकीना को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने व्यवसाय की सफलता की कामना करते हुए कहा कि युवाओं का स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ना समाज और प्रदेश के विकास के लिए सकारात्मक पहल है।
शोरूम संचालक सकीना ने बताया कि ‘नेल्स बाय सकीना’ में नेल आर्ट से जुड़े उत्पादों के साथ-साथ फैशन और लाइफस्टाइल की अनेक प्रीमियम वस्तुएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें विभिन्न डिज़ाइन के पर्स, मोबाइल एक्सेसरीज़, टेंपल चेन, ब्रेसलेट, क्लचर, बैग, नेल एक्सेसरीज़, रिंग, प्रीमियम घड़ियां, नेल पॉलिश और अन्य फैशन उत्पाद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
सकीना ने बताया कि उन्होंने नेल आर्ट का प्रशिक्षण दिल्ली और रायपुर में प्राप्त किया है। उनका उद्देश्य केवल एक शोरूम संचालित करना नहीं, बल्कि भविष्य में विभिन्न शहरों में नेल अकादमी की स्थापना कर युवाओं, विशेषकर महिलाओं को इस क्षेत्र में प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मेहनत, गुणवत्ता और ग्राहक संतुष्टि के बल पर इस क्षेत्र में नई पहचान बनाना उनका लक्ष्य है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का दौर है, लेकिन मेहनत, समर्पण और लगन के साथ कार्य करने वाले लोगों को सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सकीना अपने प्रयासों से इस व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
सैय्यद सलमा ने कहा कि सकीना की मेहनत और सकारात्मक सोच अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास किसी भी व्यक्ति को सफलता दिला सकते हैं। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में आगे आने का भी आह्वान किया।
उद्घाटन समारोह में हाजी इब्राहिम, आरिफा बानो, सरफराज आरिफ यजदानी सहित शहर के कई सामाजिक, व्यावसायिक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शोरूम का अवलोकन किया और नई व्यावसायिक पहल की सराहना की।