बहादुरी की मिसाल बने राकेश मिंज और आर्यन खेस, राज्य वीरता पुरस्कार से होंगे सम्मानित

रायगढ़ जिले के मास्टर राकेश मिंज और आर्यन खेस ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए डूबते मासूम की जान बचाई। दोनों बच्चों को 26 जनवरी को राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राज्य वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

Jan 25, 2026 - 11:34
 0  18
बहादुरी की मिसाल बने राकेश मिंज और आर्यन खेस, राज्य वीरता पुरस्कार से होंगे सम्मानित

UNITED NEWS OF ASIA.महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़। रायगढ़ जिले के दो होनहार बालक मास्टर राकेश मिंज एवं आर्यन खेस ने अपने साहस, सूझबूझ और त्वरित निर्णय से एक मासूम की जान बचाकर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। दोनों बच्चों के इस अदम्य साहस को सम्मान देते हुए शासन द्वारा उन्हें राज्य वीरता पुरस्कार से सम्मानित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर दोनों बालकों के नाम राज्य वीरता पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किए गए थे। शासन की मंजूरी के बाद अब राकेश मिंज और आर्यन खेस को 26 जनवरी 2026 को राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर दोनों बच्चों को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर  चतुर्वेदी ने दोनों वीर बालकों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी  एल.आर. कच्छप ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 24 सितंबर 2025 को एक पांच वर्षीय बालक दादू मिंज पानी में डूब रहा था। उस समय आसपास मौजूद राकेश मिंज और आर्यन खेस ने बिना घबराए तत्काल साहसिक कदम उठाया और बच्चे को पानी से बाहर निकाला।

बालक के पेट में पानी भर जाने के कारण उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई थी। ऐसे नाजुक समय में दोनों बच्चों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पेट दबाकर पानी बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच सकी। समय पर की गई इस त्वरित कार्रवाई से एक मासूम की जिंदगी सुरक्षित हो पाई।

दोनों बालकों का यह कार्य न केवल उनकी बहादुरी को दर्शाता है, बल्कि यह समाज के लिए भी एक प्रेरणादायी उदाहरण है। इतनी कम उम्र में जिम्मेदारी और साहस का परिचय देना सराहनीय है।

जिले में राकेश मिंज और आर्यन खेस की बहादुरी की चर्चा हो रही है। उनका यह साहसिक कार्य अन्य बच्चों और युवाओं को भी निस्वार्थ सेवा और मानवता के लिए प्रेरित करेगा।