रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देह व्यापार के दो अड्डों पर छापेमारी, 4 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस ने शहर के लालटंकी और मिट्ठूमुड़ा क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर देह व्यापार के दो अड्डों का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कर उनके परिजनों को सौंपा गया। दोनों मामलों में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ पुलिस ने शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लालटंकी दानीपारा और मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित मुक्त कर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में थाना साइबर, कोतवाली और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों मामलों में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पहली कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र के लालटंकी दानीपारा में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान में लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से पाइंटर ग्राहक भेजा। पूर्व निर्धारित संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मकान से नकदी, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। तलाशी के दौरान दो नाबालिग बालिकाएं भी मिलीं, जिन्हें संरक्षण में लिया गया। इस मामले में मकान संचालिका लक्ष्मी शर्मा और ग्राहक ऋषभ शर्मा को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित एक मकान में की गई। यहां भी पुलिस ने पाइंटर ग्राहक के माध्यम से सूचना की पुष्टि करने के बाद छापा मारा। मौके पर संचालिका सुनीता मेहर और ग्राहक अभय सिंह संदिग्ध स्थिति में मिले। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में वहां मौजूद महिलाओं ने बताया कि उन्हें देह व्यापार के लिए बुलाया गया था। इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में महिलाओं और बच्चों के शोषण से जुड़े पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। नाबालिग बालिकाओं को आवश्यक काउंसलिंग उपलब्ध कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के शोषण से जुड़े अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अनैतिक देह व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।