आधी रात तिल्दा-नेवरा पुलिस का कॉम्बिंग अभियान, अपराधियों और संदिग्धों में मचा हड़कंप
रायपुर ग्रामीण पुलिस के निर्देश पर तिल्दा-नेवरा पुलिस ने देर रात विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाकर संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त, संदिग्धों से पूछताछ और निगरानीशुदा बदमाशों की जांच की। पुलिस ने नागरिकों से किरायेदार सत्यापन और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील भी की।
UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा नेवरा l रायपुर ग्रामीण पुलिस के निर्देश पर तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से रविवार देर रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चले इस अभियान में पुलिस ने नगर सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक तलाशी और निगरानी अभियान संचालित किया।
अभियान के तहत तिल्दा-नेवरा नगर के अलावा तुलसी, सासाहोली, देवार पारा, अटल आवास और मोहभट्ठा पारा जैसे क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ गश्त की। रेलवे स्टेशन चौक, दीनदयाल चौक, सराफा मार्केट, सिंधी कैंप, बुधवारी बाजार, मिशन कॉलोनी और रेस्ट हाउस क्षेत्र सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी रही। इस दौरान बैंक, एटीएम, सराफा बाजार, लॉज और ढाबों की भी सघन जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने निगरानीशुदा और गुंडा बदमाशों के घरों पर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली। उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में शामिल नहीं होने की सख्त चेतावनी दी गई। इसके साथ ही लंबे समय से फरार वारंटियों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर भी दबिश देकर उनकी तलाश की गई।
अभियान के दौरान देर रात बिना किसी उचित कारण सार्वजनिक स्थानों पर घूमते मिले लोगों को थाना लाकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान और सत्यापन के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया तथा भविष्य में अनावश्यक रूप से देर रात सार्वजनिक स्थानों पर नहीं घूमने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को भी सुरक्षा व्यवस्था में सहभागी बनने का संदेश दिया। लोगों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या अवैध रूप से रहने वाला व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी जानकारी शासन के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 या "समाधान" ऐप के माध्यम से तत्काल पुलिस को दें। साथ ही मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने का आग्रह किया गया।
तिल्दा-नेवरा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष कॉम्बिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों के सहयोग से अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा, ताकि तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल कायम रखा जा सके।