UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान चलाते हुए डेयरी, मिठाई दुकान, होटल, रेस्टोरेंट और बेकरी प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य कारोबारियों को नियमों के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत विभागीय टीम ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप डेयरी एनालॉग और पनीर एनालॉग उत्पादों के निर्माण एवं बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे किसी भी प्रकार का पनीर एनालॉग या प्रतिबंधित डेयरी एनालॉग उत्पाद बिक्री के लिए न रखें। साथ ही केवल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुरूप प्रमाणित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री का ही विक्रय सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान मंगलूडीपा स्थित आरजू बेकरी से ब्रेड और केक के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अभियान के साथ-साथ सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों के तहत जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा संबंधी पोस्टर विभिन्न प्रतिष्ठानों पर लगाए गए तथा दुकानदारों और उपभोक्ताओं को जागरूकता पाम्पलेट वितरित किए गए। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, मानक गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का उपयोग करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की सलाह दी।
अभियान में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल शामिल रहे। विभाग ने बताया कि जिले में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जांच और निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके और खाद्य मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।