भूपदेवपुर पुलिस ने घर में चोरी का किया खुलासा, चोरी का पूरा सामान बरामद, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना पुलिस ने घर में चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गए चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई। पूछताछ में आरोपी ने सक्ती जिले में बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की वारदात भी स्वीकार की।

Aug 5, 2026 - 16:39
 0  13
भूपदेवपुर पुलिस ने घर में चोरी का किया खुलासा, चोरी का पूरा सामान बरामद, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए घर में चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सभी सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को ग्राम डोंगाढकेल निवासी घनश्याम साहू ने थाना भूपदेवपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3-4 अगस्त की रात अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसकर चांदी के जेवर और मोबाइल चोरी कर ले गया। सुबह पड़ोसी द्वारा सूचना मिलने पर घर के बाहर पर्स, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और स्कूल बैग पड़े मिले। जांच करने पर आलमारी से करीब 20 हजार रुपये मूल्य के चांदी के पायल, एक हजार रुपये की चांदी की बिछिया तथा लगभग नौ हजार रुपये कीमत का POCO मोबाइल गायब मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपी सनत कुमार उर्फ नानू साहू को गांव लौटते ही घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने देर रात घर के मुख्य गेट से प्रवेश कर आलमारी में रखे जेवर और मोबाइल चोरी किए तथा पीछे के रास्ते से फरार हो गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल बरामद कर लिए। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक अन्य वारदात का भी खुलासा किया। उसने बताया कि 4-5 जुलाई 2026 की रात सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर के सामने खड़ी बुलेट क्लासिक-350 मोटरसाइकिल चोरी की थी। चोरी के बाद उसने बाइक को बरक्षगुड़ा के पास मांड नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस के अनुसार उक्त मोटरसाइकिल को चंद्रपुर थाना पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।

गिरफ्तार आरोपी सनत कुमार उर्फ नानू साहू (29 वर्ष) निवासी ग्राम डोंगाढकेल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी गए माल की शीघ्र बरामदगी रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। इस कार्रवाई में थाना भूपदेवपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।