रायगढ़ में अधिवक्ता हत्याकांड का खुलासा, शादी के दबाव में प्रेमी ने की हत्या
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र में अधिवक्ता आराधना सिदार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतिका की हत्या उसके विवाहित प्रेमी ने शादी के दबाव के चलते सुनियोजित तरीके से की थी। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में मिले महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके ही विवाहित प्रेमी ने शादी के दबाव से परेशान होकर कर दी। पुलिस ने आरोपी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला 12 मई का है, जब ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। शव नग्न अवस्था में जंगल के भीतर पड़ा मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक तौर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से पुलिस को अहम सुराग मिला। घटनास्थल से बरामद कपड़े, सैंडल और फोटो देखकर परिजनों ने मृतिका की पहचान लैलूंगा निवासी अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बाइक पर मृतिका को ले जाते हुए दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि उसका आराधना के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। वह पहले से विवाहित था, जबकि मृतिका लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने आराधना को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपी ने 10 मई को आराधना को मिलने बुलाया और उसे बाइक से पहले सक्ती तथा फिर दमाऊधारा मंदिर लेकर गया। दोनों एक लॉज में भी रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया।
अगले दिन आरोपी आराधना को सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां पहले उसका गला दबाकर बेहोश किया और फिर पत्थर तथा धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और शक से बचने के लिए मृतिका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों से महिला की आवाज में बातचीत भी करता रहा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के जरिए मामले का खुलासा संभव हो सका।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस गंभीर अपराधों की तह तक पहुंचने के लिए आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जांच पद्धति का उपयोग कर रही है। जिले में अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।