कवर्धा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया ध्वजारोहण

कवर्धा जिला मुख्यालय के पीजी कॉलेज मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रभारी व उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री का संदेश जनता के नाम पढ़कर सुनाया। समारोह में 10 परेड दलों ने मार्चपास्ट किया, विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शहीद परिवारों का सम्मान किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 132 अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।

Aug 15, 2026 - 13:35
 0  3
कवर्धा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया ध्वजारोहण

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा जिला मुख्यालय के आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिले के प्रभारी एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ और पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय सलामी दी गई। मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जनता के नाम संदेश वाचन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस मां भारती की वंदना और देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सपूतों को नमन करने का अवसर है।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर और वीर सावरकर सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर तथा गेंद सिंह, धुरवा राव, यादव राव, वेंकट राव, डेबरी धुर और आयतु माहरा जैसे जननायकों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्य अतिथि ने उल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। स्वतंत्रता दिवस परेड में कुल 10 दल शामिल हुए। परेड कमांडर आरआई पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह और सेकेंड कमांडर प्रशिक्षु सुबेदार पायल प्रधान के नेतृत्व में 17वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ बल, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी बालक-बालिका पीजी कॉलेज, एनसीसी बालक-बालिका पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय तथा जिला गाइड टीम ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। परेड में पुलिस बैंड के जवानों ने भी अपनी प्रस्तुति दी।

समारोह में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति और ग्रामीण परिवेश पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रामकृष्ण पब्लिक स्कूल, दिशा पब्लिक स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने एरोबिक्स की प्रस्तुति दी। इसके बाद अभ्युदय स्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, दिशा पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल दुर्गावती चौक और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल सिग्नल चौक के विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद जवानों के परिवारों का भी सम्मान किया गया। शहीद आरक्षक झल्लु प्रसाद नेवले के सुपुत्र जितेन्द्र नेवले, शहीद आरक्षक चंद्र सिंह मेरावी की पुत्री संगीता मेरावी और नरेन्द्र शर्मा के भतीजे हिरेन्द्र शर्मा को शॉल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि इन जवानों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए नक्सली मुठभेड़ के बाद वीरगति प्राप्त की थी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कवर्धा ने पहला, स्वामी आत्मानंद स्कूल दुर्गावती चौक ने दूसरा और अभ्युदय स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। डीपीएस स्कूल और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल सिग्नल चौक को सांत्वना पुरस्कार मिला। एरोबिक्स प्रस्तुति के लिए रामकृष्ण पब्लिक स्कूल, दिशा पब्लिक स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर को भी सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

आकर्षक मार्चपास्ट में सशस्त्र प्लाटून 17वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ बल को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरुष को द्वितीय और जिला नगर सेना को तृतीय पुरस्कार मिला। जूनियर वर्ग में एनसीसी बालक डिवीजन पीजी कॉलेज प्रथम, एनसीसी बालिका डिवीजन पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम द्वितीय और एनसीसी बालक डिवीजन पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम तृतीय रहा। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कबीरधाम जिले के विभिन्न विभागों के 132 अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।