पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त जारी, रायगढ़ के किसानों में दिखा उत्साह

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने पर रायगढ़ जिले के कृषि विज्ञान केंद्र में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। किसानों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और योजना के तहत प्राप्त आर्थिक सहायता पर खुशी जताई। सांसद राधेश्याम राठिया ने इसे किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

Jun 21, 2026 - 10:47
 0  4
पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त जारी, रायगढ़ के किसानों में दिखा उत्साह

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी होने के साथ ही रायगढ़ जिले के किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, जिला हुगली से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की। योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई

इस अवसर पर रायगढ़ स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों और कृषक महिलाओं ने भाग लिया। किसानों ने प्रधानमंत्री का संबोधन ध्यानपूर्वक सुना और योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता को खेती-किसानी के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ महापौर जीवर्धन चौहान और सभापति डिग्रीलाल साहू भी मौजूद रहे। सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसानों के हित में नई योजनाएं लागू कर रही है, जिनका लाभ सीधे ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है।

सांसद ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक और नवाचार को अपनाकर उत्पादन बढ़ाया जा सकता है और खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।

महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि पीएम-किसान योजना किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण और आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि को टिकाऊ और अधिक लाभकारी बनाने के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाना समय की आवश्यकता है।

कृषि विज्ञान केंद्र रायगढ़ के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. बी.एस. राजपूत, उपसंचालक कृषि अनिल वर्मा तथा अन्य वैज्ञानिकों ने किसानों को प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने विभिन्न कृषि विषयों पर विशेषज्ञों से चर्चा भी की।

कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान किसानों में विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से मिल रही आर्थिक सहायता के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।