गधहाभाटा का नाम बदलकर सोनपुर, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सौंपी राजपत्र की प्रति
कबीरधाम जिले के गधहाभाटा गांव का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर सोनपुर कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामवासियों को राजपत्र की प्रति सौंपते हुए 7.50 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की और इसे स्थानीय जनभावनाओं व सांस्कृतिक पहचान का सम्मान बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के गधहाभाटा गांव को अब नई पहचान मिल गई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा गांव का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर सोनपुर कर दिया गया है। शासन की ओर से इस संबंध में राजपत्र का प्रकाशन भी किया जा चुका है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्राम सोनपुर पहुंचकर ग्रामवासियों को राजपत्र की प्रति सौंपी और इस ऐतिहासिक निर्णय पर बधाई दी।
इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि गांव का नाम बदलने की मांग लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। स्थानीय जनभावनाओं, सांस्कृतिक पहचान और ग्रामीणों की इच्छा को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा हुई, राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हुई और अंततः राजपत्र में नाम परिवर्तन का प्रकाशन किया गया।
उन्होंने कहा कि अब सोनपुर नाम सरकारी अभिलेखों और विभिन्न वेब पोर्टलों में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा। ग्रामीणों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने दैनिक व्यवहार और सामाजिक उपयोग में भी नए नाम सोनपुर को अपनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसी नाम से गांव की पहचान कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने गांव के विकास के लिए 7 लाख 50 हजार रुपए की विभिन्न घोषणाएं भी कीं। सामुदायिक भवन की मरम्मत के लिए 2.50 लाख रुपए, किचन निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपए, गौठान समतलीकरण के लिए 1 लाख रुपए तथा पचारी निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। ग्रामीणों ने इन विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
विजय शर्मा ने कहा कि गांवों के नाम केवल पहचान भर नहीं होते, बल्कि वे स्थानीय इतिहास, संस्कृति और जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। सोनपुर नामकरण ग्रामवासियों के आत्मसम्मान और क्षेत्रीय गौरव को मजबूत करने वाला कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के एक अन्य गांव चांडालपुर का नाम बदलकर चंदनपुर किया गया है और उसका भी राजपत्र में प्रकाशन हो चुका है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना का भी उल्लेख किया गया। विजय शर्मा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास प्लस नवीन सर्वे की स्थायी सूची के लिए 24 जून को विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। ग्राम पंचायत स्तर पर सूची का वाचन किया जाएगा ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, पूर्व विधायक सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पिपरिया नगर पंचायत अध्यक्ष घुरवा राम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेकर गांव को मिली नई पहचान का स्वागत किया।
सोनपुर नाम के साथ गांव अब नई पहचान और नए विकास संकल्पों के साथ आगे बढ़ेगा। ग्रामीणों का मानना है कि यह निर्णय न केवल गांव की प्रतिष्ठा बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।