पीएम जनमन योजना से बदली मंडलाकोना की तस्वीर, सरोधा बांध के पीछे तक पहुंची पक्की सड़क

कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत सरोधा मेन रोड से मंडलाकोना तक 4 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण किया गया है। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में बड़ी राहत मिली है, वहीं पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।

May 8, 2026 - 17:14
May 8, 2026 - 17:15
 0  3
पीएम जनमन योजना से बदली मंडलाकोना की तस्वीर, सरोधा बांध के पीछे तक पहुंची पक्की सड़क

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में बसे ग्राम मंडलाकोना की तस्वीर अब तेजी से बदल रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत सरोधा मेन रोड से मंडलाकोना तक बनाई गई नई पक्की सड़क ग्रामीणों के लिए विकास और सुविधा का नया रास्ता बन गई है। वर्षों तक खराब और कच्चे रास्तों की समस्या झेलने वाले ग्रामीण अब बेहतर आवागमन सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। सड़क निर्माण से न केवल गांव की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यटन को भी नई गति मिली है।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग द्वारा प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत लगभग 2 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से 4 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण कराया गया है। यह सड़क सरोधा बांध के पीछे स्थित मंडलाकोना गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ती है। पहले यहां तक पहुंचना बेहद कठिन था, विशेषकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान कच्चे और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण गांव का संपर्क लगभग टूट जाता था। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और दैनिक जरूरतों के लिए आने-जाने वाले लोगों को लंबे समय तक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब सड़क बनने के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है। लोगों को अस्पताल, बाजार और शासकीय सेवाओं तक पहुंचने में कम समय लग रहा है।

प्रधानमंत्री जनमन योजना विशेष रूप से दूरस्थ, पहाड़ी और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों वाले क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। ऐसे क्षेत्रों में सड़क निर्माण का सीधा प्रभाव ग्रामीण जीवन पर पड़ता है। मंडलाकोना में भी इसका सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है।

सड़क बनने से स्कूली बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होने में मदद मिलेगी। वहीं गर्भवती महिलाओं और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में पहले जैसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। किसानों को भी अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने के लिए बेहतर मार्ग मिला है, जिससे परिवहन लागत और समय दोनों में कमी आएगी। दैनिक उपयोग की वस्तुओं की उपलब्धता भी अब अधिक आसान हो गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा के प्रयासों से कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि दूरस्थ गांवों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

मंडलाकोना तक बनी यह सड़क पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सरोधा बांध के पीछे स्थित प्राकृतिक क्षेत्र तक अब पर्यटक आसानी से पहुंच सकेंगे। गांव के निवासी खेलावन ने बताया कि पहले खराब रास्तों के कारण गांव तक पहुंचने में काफी समय लगता था और बरसात में हालात और कठिन हो जाते थे। अब पक्की सड़क बनने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।

पीएमजीएसवाई विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। मंडलाकोना सड़क निर्माण ग्रामीणों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है और भविष्य में यह मार्ग पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।