खेल के मैदान से मजबूत हो रहा पुलिस और आम जन का विश्वास, अपराधिक तत्वों की खैर नहीं

कबीरधाम पुलिस द्वारा वनांचल क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। थाना रेंगाखार क्षेत्र के ग्राम बरेंडा और बावातालाब में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा देते हुए नशे और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की।

May 8, 2026 - 17:28
 0  3
खेल के मैदान से मजबूत हो रहा पुलिस और आम जन का विश्वास, अपराधिक तत्वों की खैर नहीं

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l जिला कबीरधाम के वनांचल क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से कबीरधाम police द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक  धमेन्द्र सिंह के निर्देशन में संचालित इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और क्षेत्र से अपराधिक तत्वों को समाप्त करने की दिशा में पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है

इसी कड़ी में थाना रेंगाखार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेंडा एवं बावातालाब में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में ग्रामीण युवाओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान खेल मैदान में उत्साह, उमंग और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया, वहीं ग्रामीणों ने भी आयोजन का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के नागरिकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक  धमेन्द्र सिंह से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें प्रतियोगिता में शामिल होने का आमंत्रण दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस अधिकारी लगातार ऐसे आयोजनों में शामिल होकर ग्रामीण युवाओं का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। पुलिस विभाग का मानना है कि खेल गतिविधियां समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और युवाओं को गलत रास्तों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

क्रिकेट प्रतियोगिता में थाना रेंगाखार प्रभारी बी.एल. बीसेन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। थाना प्रभारी बी.एल. बीसेन ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं और उनमें अनुशासन, टीम भावना एवं आपसी भाईचारे की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग विशेषकर युवाओं को सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना भी है।

उन्होंने युवाओं से नशे और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। पुलिस की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और पुलिस के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

ग्रामीणों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने कबीरधाम पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से वनांचल क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है। साथ ही पुलिस और जनता के बीच आत्मीय संबंध भी मजबूत हो रहे हैं। सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच बढ़ता यह विश्वास भविष्य में अपराध नियंत्रण और सामाजिक समरसता के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।