उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से की मुलाकात, घायलों के उपचार की ली जानकारी

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुए सड़क हादसे में कबीरधाम जिले के प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बांधाटोला, विचारपुर और बीजा बैरागी पहुंचकर हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि दी तथा घायलों के परिजनों से उनके उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Sep 15, 2026 - 11:29
 0  2
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से की मुलाकात, घायलों के उपचार की ली जानकारी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में प्रभावित कबीरधाम जिले के परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने हादसे में घायल लोगों के परिवारों से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

उप मुख्यमंत्री सबसे पहले ग्राम बांधाटोला पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क हादसे में दिवंगत गनेशिया पटेल के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। गनेशिया पटेल की उम्र 26 वर्ष बताई गई है। हादसे में परिवार के मुकेश पटेल और डाली पटेल घायल हुए हैं। उप मुख्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर दोनों घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके उपचार के संबंध में चर्चा की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इसी गांव में उन्होंने हादसे में घायल ललिता पटेल, तन्मय पटेल और रामप्यारी पटेल के परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और अस्पताल में चल रहे उपचार के बारे में जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि कठिन समय में सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए उनके साथ खड़े हैं।

इसके बाद विजय शर्मा ग्राम विचारपुर पहुंचे। यहां सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई है। इनमें मीनाक्षी वर्मा, सरिता वर्मा और ग्रीशा वर्मा शामिल हैं। उन्होंने दिवंगतों के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की बात कही।

उप मुख्यमंत्री ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बीजा बैरागी पहुंचकर सड़क हादसे में दिवंगत कुमारी बाई पटेल के परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने उनके निवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दुख अत्यंत पीड़ादायक होता है और इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा रहना सभी की जिम्मेदारी है।

इसके अलावा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लोहारा क्षेत्र के ग्राम बांधाटोला पहुंचकर सूरत में बड़ी इमारत से गिरने के कारण दिवंगत मायाराम पटेल के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

विजय शर्मा ने सभी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। प्रभावित परिवारों से उनकी मुलाकात के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद रहे।