ग्राम छुई में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, पंचायत भवन और मिडिल स्कूल की घोषणा

कवर्धा जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम छुई में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और विकास संबंधी मांगें सुनीं। उन्होंने नवीन पंचायत भवन और मिडिल स्कूल भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही स्मार्ट क्लास, बालिका सुविधाओं और मुक्तिधाम शेड के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों से मुलाकात की और 17 सितंबर को घर-घर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाने की अपील की।

Sep 15, 2026 - 11:25
 0  2
ग्राम छुई में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, पंचायत भवन और मिडिल स्कूल की घोषणा

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम छुई में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं तथा विकास संबंधी मांगों को सुना। ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों की मांगों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ग्राम छुई में नवीन पंचायत भवन और मिडिल स्कूल भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास की सही दिशा ग्रामीणों की जरूरतों और सुझावों से तय होती है, इसलिए स्थानीय लोगों की भागीदारी विकास कार्यों में महत्वपूर्ण है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने शिक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, क्योंकि यही बच्चे प्रदेश और देश का भविष्य हैं।

विजय शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास तैयार किए गए हैं और 35 अन्य स्कूलों में भी स्मार्ट क्लास स्थापित किए जाएंगे। दो-तरफा संवाद की सुविधा के माध्यम से एक स्थान से कई स्कूलों के विद्यार्थियों को पढ़ाने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों की कक्षाओं का लाभ मिल सकेगा। साथ ही आगे की पढ़ाई और करियर को लेकर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। आने वाले समय में नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विज्ञान और गणित जैसे विषयों को विद्यार्थियों के लिए सरल और रुचिकर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान के तहत स्कूलों में बालिकाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की बात कही गई। जिन स्कूलों में बालिका शौचालय उपलब्ध नहीं हैं, वहां निर्माण की स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी गई। इसी तरह जिन गांवों में मुक्तिधाम की सुविधा नहीं है, वहां मुक्तिधाम शेड निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ग्राम छुई में प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित रंभा हठीले और होमित हठीले के घर भी पहुंचे। उन्होंने हितग्राहियों से मुलाकात कर आवास निर्माण और योजना के तहत मिले लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने हितग्राहियों से योजना से जुड़ी सुविधाओं और आवास की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे घर-घर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाने की अपील भी की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रत्येक घर के बाहर दीप जलाकर शुभकामनाएं और आशीर्वाद देने का आग्रह किया। उन्होंने इसे देश के विकास और सेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर बताया और ग्रामीणों से अभियान में सहभागिता की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष बोड़ला विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, मनीराम साहू, भुनेश्वर चंद्राकर, रामकिंकर वर्मा, खिलेश्वर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामवासी उपस्थित रहे।