गरियाबंद में दर्दनाक हादसा, टूटे बिजली तार की चपेट में आने से बाइक सवार की जलकर मौत

गरियाबंद जिले में खंभे से टूटकर लटक रहे बिजली तार की चपेट में आने से एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। करंट लगने के बाद आग की लपटों में घिरकर युवक बाइक सहित जल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

May 8, 2026 - 17:37
 0  3
गरियाबंद में दर्दनाक हादसा, टूटे बिजली तार की चपेट में आने से बाइक सवार की जलकर मौत

UNITED NEWS OF ASIA. गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में खंभे से टूटकर लटक रहे बिजली तार की चपेट में आने से युवक करंट की चिंगारियों और आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते उसकी बाइक में आग लग गई और वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान यशवंत ध्रुव (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दसपुर गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि यशवंत शुक्रवार को जंगल से तेंदूपत्ता संग्रह कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान दसपुर बांध के पास सड़क किनारे लगे बिजली खंभे से टूटा हुआ 11 केवी सप्लाई लाइन का तार नीचे लटक रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक चलाते समय अचानक युवक की गर्दन उस बिजली तार की चपेट में आ गई। हाई वोल्टेज करंट लगते ही तेज चिंगारियां और आग की लपटें उठने लगीं। यशवंत को संभलने या वहां से हटने तक का मौका नहीं मिला। कुछ ही क्षणों में बाइक ने भी आग पकड़ ली और युवक आग की चपेट में आ गया।

घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आगे नहीं बढ़ सके। लोगों ने दूर से ही घटना को देखा और तुरंत पुलिस तथा बिजली विभाग को सूचना दी। जब तक बिजली सप्लाई बंद की गई, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी और बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली तार झुके हुए और जर्जर हालत में हैं, लेकिन विभाग द्वारा समय रहते मरम्मत या रखरखाव नहीं किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि टूटे हुए तार को समय पर हटाया जाता या बिजली सप्लाई बंद की जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। स्थानीय लोगों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार पक्ष और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बिजली व्यवस्था की नियमित जांच और जर्जर तारों को तत्काल बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।