प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से भारत लाल का सपना हुआ साकार, मिला सुरक्षित और सम्मानजनक आवास

बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम मोंगरी निवासी गरीब आदिवासी मजदूर भारत लाल गोंड का पक्का घर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बनकर तैयार हुआ। पहले जर्जर मकान में रह रहे भारत लाल अब सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Oct 31, 2025 - 18:00
 0  32
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से भारत लाल का सपना हुआ साकार, मिला सुरक्षित और सम्मानजनक आवास

UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई रोशनी जगाई है। इस योजना ने उन लोगों के सपनों को साकार किया है, जिनके लिए पक्का घर बनाना कभी संभव नहीं था। बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम मोंगरी निवासी भारत लाल गोंड की कहानी इसका जीवंत उदाहरण है।

 

भारत लाल का संबंध आदिवासी समुदाय के एक गरीब मजदूर परिवार से है। वे अपनी बूढ़ी और अस्वस्थ मां के साथ एक पुराने, जर्जर मकान में रहते थे। बरसात के दिनों में खपरैल युक्त छत से पानी टपकता था और दीवारें टूटने की स्थिति में थीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे पक्का घर बनाने में असमर्थ थे।

इसी बीच उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास स्वीकृत होने की जानकारी मिली। शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से उनके पक्के आशियाने का सपना साकार हुआ। इस योजना के अंतर्गत भारत लाल को 1.20 लाख रुपये की राशि किश्तों में प्राप्त हुई, साथ ही मनरेगा के तहत मजदूरी सहायता भी मिली। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने एक सुंदर और मजबूत घर बनाया, जिसमें अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन बिता रहा है।

भारत लाल बताते हैं कि इस योजना ने उन्हें न केवल छत दी, बल्कि जीवन की अनेक समस्याओं से निजात भी दिलाई। अब बारिश के दिनों में पानी टपकने और कीड़े-मकोड़े के डर से मुक्ति मिल चुकी है। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री आवास योजना मेरे जैसे गरीबों के लिए वरदान साबित हुई है।”

जब भारत लाल को यह पता चला कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गठन के रजत जयंती अवसर पर 3.51 लाख आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में उनके आवास का भी समावेश है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। अब भारत लाल का घर न केवल उनका आश्रय है, बल्कि “आवास से आत्मनिर्भरता” की मिसाल भी बन गया है।