प्रधानमंत्री आवास योजना से दिव्यांग फल सिंह का सपना हुआ साकार, मिला सम्मानजनक जीवन का आधार

बालोद जिले के ग्राम कुसुमकसा निवासी दिव्यांग फल सिंह का जीवन प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से बदल गया। दोनों पैर गंवाने के बाद कठिन परिस्थितियों में गुजर-बसर कर रहे फल सिंह को इस योजना से पक्का घर मिला। अब वे स्वावलंबी बनकर अपनी आजीविका चला रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

Oct 31, 2025 - 17:47
Oct 31, 2025 - 18:05
 0  38
प्रधानमंत्री आवास योजना से दिव्यांग फल सिंह का सपना हुआ साकार, मिला सम्मानजनक जीवन का आधार

UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उन लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है, जिनके लिए पक्का घर बनाना कभी एक सपना मात्र था। इस योजना ने गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों को न केवल छत दी, बल्कि सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान किया। बालोद जिले के डौंडी विकासखंड के ग्राम कुसुमकसा निवासी दिव्यांग फल सिंह की कहानी इसी परिवर्तन की मिसाल है।

 

फल सिंह को बीमारी के चलते अपने दोनों पैर गंवाने पड़े, जिसके बाद परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया। वे एक जर्जर कच्चे मकान में रहते थे और अपने तीन छोटे बच्चों के साथ किसी तरह जीवनयापन कर रहे थे। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनका नाम स्वीकृत हुआ, जिसने उनके जीवन की दिशा ही बदल दी।

शासन और प्रशासन के सहयोग से अब फल सिंह के पास अपना पक्का मकान है — एक सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी छत। यह केवल घर नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन गया है।

फल सिंह बताते हैं कि उन्हें न केवल आवास योजना का लाभ मिला, बल्कि राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, शौचालय, आयुष्मान कार्ड और महतारी वंदना योजना जैसी अन्य योजनाओं से भी मदद मिली है।

दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। पक्का मकान बनने के बाद ग्राम पंचायत और सीएलएफ समूह के सहयोग से उन्होंने स्वयं का छोटा राशन दुकान शुरू किया है, जिससे अब उनका परिवार आत्मनिर्भर हो गया है।

उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उन्हें “आवास से आजीविका” की ओर अग्रसर किया है। फल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि शासन की इस योजना ने उन्हें जीवन का नया आधार दिया है।

आज फल सिंह का परिवार न केवल सुरक्षित है, बल्कि आत्मसम्मान के साथ जीवन जी रहा है — यह कहानी उन लाखों लाभार्थियों के लिए प्रेरणा है, जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना से अपने सपनों को साकार किया है।