पीएम-अजय योजना से रंजना बांधेकर बनीं सफल सब्जी व्यवसायी
कवर्धा की रंजना बांधेकर ने पीएम-अजय योजना के तहत मिली अनुदान सहायता का उपयोग कर सब्जी व्यवसाय को आगे बढ़ाया। योजना से उनकी आय में सुधार हुआ, आर्थिक परेशानियां कम हुईं और परिवार की आजीविका में सकारात्मक बदलाव आया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को स्वरोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कवर्धा शहर के वार्ड क्रमांक 09, ऊर्जा पार्क मंजगांव रोड निवासी रंजना बांधेकर ने प्रधानमंत्री अभ्यूदय योजना यानी पीएम-अजय के माध्यम से मिली सहायता का लाभ लेकर सब्जी व्यवसाय को अपनी आजीविका का आधार बनाया है। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित इस योजना के तहत मिली अनुदान और ऋण सहायता से उन्होंने अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाया और परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में सफलता हासिल की।
रंजना बांधेकर के अनुसार योजना का लाभ मिलने से पहले वह छोटी दुकान और कृषि कार्य के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करती थीं। सीमित आमदनी के कारण रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान उन्हें जिला अंत्यावसायी विभाग के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी मिली। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संबंधित विभाग से संपर्क किया और सब्जी व्यवसाय के लिए सहायता प्राप्त करने आवेदन प्रस्तुत किया।
आवेदन स्वीकृत होने के बाद वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के सहयोग से संचालित पीएम-अजय योजना के अंतर्गत सब्जी व्यवसाय के लिए स्वीकृत ऋण के विरुद्ध उन्हें 0.50 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई। रंजना ने योजना के माध्यम से मिली सहायता का उपयोग अपने व्यवसाय को मजबूत करने में किया। इसके बाद उन्होंने सब्जी व्यवसाय को नियमित रूप से संचालित करना शुरू किया और धीरे-धीरे इसे अपनी आय का प्रमुख साधन बनाया।
रंजना बताती हैं कि व्यवसाय के माध्यम से उनकी आमदनी में सुधार हुआ है। पहले जिन आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, उनमें कमी आई है। अब उन्हें रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ती और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी पहले की अपेक्षा सुविधा हुई है। उनका कहना है कि व्यवसाय से होने वाली आय ने परिवार को आर्थिक रूप से अधिक स्थिर बनाने में मदद की है।
उन्होंने यह भी बताया कि आर्थिक स्थिति में सुधार के बाद परिवार के सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उनके बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और परिवार अपनी जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहा है। रंजना अपने व्यवसाय को लगातार आगे बढ़ाने के साथ योजना के तहत प्राप्त ऋण की किस्तें भी नियमित रूप से जमा कर रही हैं।
पीएम-अजय योजना के माध्यम से मिली सहायता ने रंजना के लिए स्वरोजगार का अवसर तैयार किया। छोटी दुकान और कृषि कार्य से शुरू हुआ उनका सफर अब सब्जी व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ रहा है। उनका अनुभव इस बात को सामने लाता है कि अनुदान और ऋण सहायता जैसी योजनाओं का उपयोग कर लाभार्थी अपनी आजीविका को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। रंजना का कहना है कि योजना से मिली सहायता उनके और उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई है और वह भविष्य में अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।