सेवा संकल्प अभियान में 1481 विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ भाषण प्रतियोगिता
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत कबीरधाम जिले के 1481 विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने देश की पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों और आगामी 25 वर्षों में विकसित भारत की संकल्पना पर अपने विचार और सुझाव साझा किए।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 सितंबर को कबीरधाम जिले के चारों विकासखंडों के 1481 विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इनमें 1236 शासकीय विद्यालय, 239 अशासकीय विद्यालय और 6 अनुदान प्राप्त विद्यालय शामिल रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और भारत के वर्तमान विकास तथा भविष्य की संभावनाओं को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
भाषण प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने देश की पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों और आगामी 25 वर्षों में विकसित भारत की संकल्पना को अपने वक्तव्यों का विषय बनाया। प्रतियोगिता में लगभग आधे विद्यार्थियों ने पिछले 25 वर्षों में देश द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों पर अपने विचार रखे, जबकि अन्य विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत की कल्पना, अपने सपनों और सुझावों को सामने रखा। विद्यार्थियों ने शाला विकास समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के समक्ष अपने विचार रखते हुए संवाद किया।
कार्यक्रम के तहत जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, सहायक संचालक नीलेश चन्द्रवंशी और एम.आई.एस. प्रशासक सतीश कुमार यदु ने जिले के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सरस्वती शिशु मंदिर बिरकोना, सरस्वती शिशु मंदिर गांगपुर, विवेकानन्द शिशु मंदिर खैरझिटी, शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरका, शासकीय हाई स्कूल धौराबंद, श्री वाणी विद्या मंदिर खपरी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इंदौरी में आयोजित गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में कार्यक्रम के संचालन की जानकारी ली और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
भाषण प्रतियोगिता के साथ सभी विद्यालयों में एक दिन पहले आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। पालकों, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूह के सदस्यों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। जिले के कुछ विद्यालयों में उत्सवपूर्वक न्योता भोज का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रमों के सफल संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सहित सहायक संचालक, जिला मिशन समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, एपीसी, खंड स्त्रोत समन्वयक और संकुल शैक्षिक समन्वयकों ने विद्यालयों की मॉनिटरिंग की। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना विकसित करने के साथ विकसित भारत @2047 के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के विचारों से जोड़ने, उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने और विकसित भारत के निर्माण में बाल एवं युवा शक्ति की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रत्येक विद्यालय से चयनित एक उत्कृष्ट चित्रकला और एक भाषण प्रतिभागी विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्तर की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता 28 सितंबर 2026 को होगी, जबकि हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर की प्रतियोगिता 1 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 3 अक्टूबर 2026 को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, सिग्नल चौक, कवर्धा में होंगी। जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रत्येक विकासखंड से चयनित 5-5 प्रतिभागी और ड्राइंग प्रतियोगिता में 20-20 प्रतिभागी शामिल होंगे।