योग के प्रति जागरूकता फैलाने पतंजलि योग समिति की भव्य रैली, प्रमुख चौकों पर किया सामूहिक योगाभ्यास
कवर्धा में पतंजलि योग समिति ने योग और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता के लिए भव्य रैली निकाली। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सामूहिक योगाभ्यास और प्राणायाम कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l जिले में योग और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पतंजलि योग समिति कवर्धा द्वारा एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से नागरिकों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर योगाभ्यास का प्रदर्शन कर लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया गया।
जागरूकता रैली का शुभारंभ शारदा संगीत विश्वविद्यालय कवर्धा से हुआ। यहां से पतंजलि योग समिति के सदस्य हाथों में योग संबंधी संदेशों की तख्तियां लेकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए निकले। रैली सिग्नल चौक, महाराणा प्रताप चौक और भारत माता चौक सहित शहर के प्रमुख स्थानों तक पहुंची, जहां समिति के साधकों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्राणायाम, योगासन और सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन किया गया। समिति के सदस्यों ने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। चौक-चौराहों पर हुए इस अनूठे आयोजन ने राहगीरों और स्थानीय नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम को देखने के लिए रुके और योग के प्रति अपनी रुचि व्यक्त की
पतंजलि योग समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों और मानसिक तनाव को देखते हुए योग की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। इसी उद्देश्य से जिले के प्रत्येक नागरिक तक योग का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान "योग भगाए रोग" का संदेश प्रमुखता से दिया गया। समिति ने लोगों से अपील की कि वे प्रतिदिन कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए अवश्य निकालें, ताकि स्वस्थ और निरोग जीवन जी सकें। आयोजन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति भी लोगों में उत्साह और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, पतंजलि योग समिति के जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, भारत स्वाभिमान के जिला संयोजक अजय चंद्रवंशी, महिला पतंजलि योग समिति की प्रभारी उमा चंद्रवंशी, महामंत्री रामचंद्र जायसवाल, विनीता चंद्रवंशी, अशोक चंद्रवंशी, श्रीकांत श्रीवास्तव, गोपाल कृष्ण गुप्ता, एवनाथ चंद्रवंशी, कृष्णा साहू, बाली वर्मा, रोहित जायसवाल सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन योग के महत्व और स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ किया गया।