विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कबीरधाम जिला में दिसंबर 2023 से जनवरी 2026 तक स्वीकृत नई एवं पुरानी सड़कों की स्थिति पर सरकार से जवाब मांगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सदन को बताया कि इस अवधि में जिले में 28 नई सड़कों को स्वीकृति मिली है, जबकि पुरानी सड़कों के नवीनीकरण के लिए कोई स्वीकृति नहीं दी गई है। इनमें से 9 सड़कों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, 17 सड़कों का कार्य अपूर्ण है और 1 सड़क का कार्य अभी प्रारंभ नहीं हो पाया है।
भावना बोहरा ने सदन को अवगत कराया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पिछले लगभग दस वर्षों से एक भी सड़क के नवीनीकरण को स्वीकृति नहीं दी गई है, जबकि क्षेत्र में 45 सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है। उन्होंने बकेला से खाम्ही, खैरावार से बोड़तरा, देवसरा से गोरखपुर कला सहित कुल 51 सड़कों के नवीनीकरण के लिए शीघ्र स्वीकृति की मांग की। साथ ही, उन्होंने बांगर मुख्य मार्ग से कोटनापानी सोलापारा तक प्रस्तावित सड़क को पहले स्वीकृति देने के बाद निरस्त किए जाने को प्रशासनिक चूक बताया, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने स्वयं संज्ञान लेने का आश्वासन दिया।
आवास व्यवस्था से जुड़े प्रश्नों में विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत एवं पूर्ण आवासों की जानकारी मांगी। सदन में बताया गया कि क्षेत्र में आवासों की पूर्णता दर 93.59 प्रतिशत है। वर्तमान में 2,235 आवास निर्माणाधीन हैं, जबकि 32,614 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। सरकार की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि आवास निर्माण हितग्राहियों द्वारा स्वयं कराया जाता है, इसलिए किसी निश्चित समय-सीमा का निर्धारण संभव नहीं है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विषय में भावना बोहरा ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि के भुगतान में कथित असमानता और विलंब को लेकर प्रश्न उठाया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि वर्तमान में ऐसी कोई स्थिति नहीं है, हालांकि पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर जिला चिकित्सालय के 1142 प्रकरणों को नियमानुसार पुनः वितरण हेतु भेजा गया है और एक प्रकरण की जांच अभी जारी है।
इसके अतिरिक्त, विधायक ने जिला अस्पताल कवर्धा में चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों की कमी का मुद्दा भी उठाया। मंत्री ने सदन को बताया कि जिले में कुल 30 पद रिक्त हैं और भर्ती प्रक्रिया सतत रूप से जारी है। मरीजों को उच्च उपचार के लिए रायपुर एवं अन्य जिलों में रेफर किए जाने की संख्या भी सदन में प्रस्तुत की गई।
कुल मिलाकर, पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सड़क, आवास और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा।