रायपुर में जारी अपने बयान में विकास दास मानिकपुरी ने कहा कि सरकार ने बजट को बड़े-बड़े दावों और आकर्षक शब्दों से सजाया जरूर है, लेकिन ज़मीनी हकीकत यह है कि प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा आज भी बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। बजट में युवाओं के लिए केवल आंकड़ों की बाजीगरी दिखाई देती है, जबकि रोजगार सृजन को लेकर कोई ठोस रोडमैप सामने नहीं रखा गया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हजारों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सरकारी विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए न तो कोई स्पष्ट समय-सीमा तय की गई है और न ही बजट में इसके लिए कोई ठोस प्रावधान दिखाई देता है। यह स्थिति युवाओं के भविष्य को अनिश्चित बना रही है।
बजट की समीक्षा करते हुए विकास दास मानिकपुरी ने कहा कि सरकार ने कौशल विकास के नाम पर केवल पुराने प्रशिक्षण केंद्रों को जारी रखने की बात कही है, जबकि आज की जरूरत आधुनिक उद्योगों, आईटी, स्टार्टअप, डिजिटल और तकनीकी क्षेत्रों के अनुरूप नई स्किलिंग व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को बदलते समय के अनुसार प्रशिक्षण नहीं मिलेगा, तो वे रोजगार के अवसरों से वंचित रह जाएंगे।
उन्होंने स्टार्टअप और उद्यमिता के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। विकास दास मानिकपुरी ने कहा कि बजट में स्थानीय युवाओं और नए उद्यमियों के लिए किसी विशेष स्टार्टअप फंड, सब्सिडी या आसान ऋण व्यवस्था का कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। इससे प्रदेश में स्वरोजगार और नवाचार को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं कमजोर पड़ जाती हैं।
आप यूथ विंग जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार केवल प्रचार और विज्ञापन के माध्यम से विकास का ढिंढोरा पीट रही है, जबकि धरातल पर युवाओं के हाथ में काम नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में सरकार युवाओं को प्रदेश के विकास की धुरी मानती है, तो बजट में रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी।
विकास दास मानिकपुरी ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी यूथ विंग की ओर से सरकार से मांग की जाती है कि बजट में तत्काल संशोधन कर युवाओं के लिए एक प्रभावी और भरोसेमंद “रोजगार गारंटी योजना” लाई जाए तथा सभी भर्तियों के लिए पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त नहीं किया जाएगा और उन्हें स्थायी रोजगार के अवसर नहीं मिलेंगे, तब तक प्रदेश के समग्र विकास का सपना अधूरा ही रहेगा। आम आदमी पार्टी यूथ विंग आने वाले समय में युवाओं के हक और रोजगार के मुद्दे को लेकर लगातार संघर्ष जारी रखेगी।