बेमेतरा में जिला स्तरीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी

बेमेतरा में जिला स्तरीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने यादव ठेठवार समाज की गौसेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए समाजजनों से सेवा और गौसंरक्षण को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Sep 6, 2026 - 19:10
 0  5
बेमेतरा में जिला स्तरीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l जिला स्तरीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन बेमेतरा में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की तथा सभी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आयोजित शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा गांव की प्रमुख सड़कों और गलियों से होते हुए बेसिक स्कूल मैदान पहुंची, जहां धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगेश तिवारी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि धर्म, सत्य, प्रेम, करुणा, नीति और कर्म के प्रतीक हैं। श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से उन्होंने मानव जीवन को कर्म, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, मनुष्य को सत्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। बाल्यकाल से ही श्रीकृष्ण का गौमाता और ग्वाल-बालों के साथ गहरा संबंध रहा है, इसलिए उनकी भक्ति में गौसेवा और गौसंरक्षण का विशेष महत्व माना जाता है।

योगेश तिवारी ने यादव ठेठवार समाज को भगवान श्रीकृष्ण की परंपरा से जुड़ा समाज बताते हुए कहा कि समाज का गौवंश और गौमाता से सदियों पुराना आत्मीय संबंध रहा है। छत्तीसगढ़ की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में यादव समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि गौमाता सनातन संस्कृति की पहचान हैं और गौवंश की रक्षा केवल किसी एक समाज की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का सामाजिक और धार्मिक दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौसेवा और गौसंरक्षण के कार्यों में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने यादव समाज के वरिष्ठजनों और समाजजनों के साथ अपने पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पूर्वजों के समय से चले आ रहे प्रेम, स्नेह और सम्मान के रिश्ते आज भी कायम हैं। उन्होंने कहा कि समाज के बुजुर्गों द्वारा स्थापित इन आत्मीय रिश्तों और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक मजबूत तरीके से पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

योगेश तिवारी ने अपने सामाजिक सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नंदनवन ग्राम गोमची में 40 एकड़ क्षेत्र में मां गोदावरी आनंदवन आश्रम की स्थापना कर निराश्रित बुजुर्गों की सेवा का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा, गौसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने समाजजनों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रेम, करुणा, सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान यादव ठेठवार समाज के प्रांत संरक्षक जितेंद्र यदु, जिला अध्यक्ष डॉ. बी.पी. यदु, कोषाध्यक्ष पार्थ यदु, बेमेतरा ब्लॉक अध्यक्ष दीनबंधु यदु, दाऊराम यदु, राजिम महासभा से विनोद यदु, तोरण यदु, गंगाराम यदु, भगीरथी यदु, सरोज यदु, शुकालू यदु, शीतराम यदु, त्रिलोक यदु और कुंवर सिंह यदु सहित समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समाज की ओर से योगेश तिवारी का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।