पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने नारायणपुर प्रेस क्लब की पहल, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

नारायणपुर प्रेस क्लब ने पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। क्लब ने पत्रकारों की सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की है।

Jun 18, 2026 - 10:55
 0  27
पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने नारायणपुर प्रेस क्लब की पहल, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l जिले में हाल ही में गठित एवं छत्तीसगढ़ शासन से पंजीकृत नारायणपुर प्रेस क्लब ने पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की है। क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम कलेक्टर नम्रता जैन को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की।

प्रेस क्लब ने अपने ज्ञापन में कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए पत्रकारों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना आवश्यक है। संगठन ने उल्लेख किया कि वर्ष 2023 में तैयार पत्रकार सुरक्षा कानून को विधानसभा से पारित कर राज्यपाल के पास भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक इसे अधिसूचित कर लागू नहीं किया गया है।

ज्ञापन में विशेष रूप से इस बात पर चिंता व्यक्त की गई कि बस्तर अंचल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पत्रकारों के विरुद्ध कई बार बिना निष्पक्ष जांच के कार्रवाई और दबाव जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं। प्रेस क्लब ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर विषय बताया है।

सात सूत्रीय मांगों के माध्यम से प्रेस क्लब ने सरकार का ध्यान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की ओर आकर्षित किया है। इनमें पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू करना, उसके प्रावधानों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करना, पत्रकारों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करना तथा किसी भी प्रकार की प्रतिशोधात्मक कार्रवाई पर रोक लगाना शामिल है।

इसके साथ ही संगठन ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पत्रकारों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाने के निर्देश देने की मांग भी की है। पत्रकार संगठनों और प्रशासन के बीच नियमित संवाद व्यवस्था स्थापित करने तथा स्वतंत्र पत्रकारिता के संवैधानिक अधिकारों की प्रभावी गारंटी सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है।

नारायणपुर प्रेस क्लब ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि जिले के सभी पत्रकारों को एक मजबूत, संगठित और सशक्त मंच प्रदान करना भी है। इसके लिए सदस्यता अभियान चलाकर जिले के अधिक से अधिक पत्रकारों को जोड़ा जाएगा।

संगठन ने यह भी बताया कि भविष्य में पत्रकारों की क्षमता वृद्धि और पेशेवर दक्षता को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पत्रकारों से जुड़े सामाजिक, कानूनी और व्यावसायिक मुद्दों को भी प्राथमिकता से उठाया जाएगा।

प्रेस क्लब ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मुद्दे पर सकारात्मक कदम उठाएगी, जिससे स्वतंत्र पत्रकारिता को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विशाल चौहान, डिगेश जैन, असफाक अहमद, हेमंत संचेती, कैलाश सोनी, आकाश ठाकुर, हरीश, अतुल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।