कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुरू हुई एमआरआई सेवा, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का संचालन शुरू हो गया है। अब जिले के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए रायपुर या अन्य शहरों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। आयुष्मान और बीपीएल कार्डधारकों को नियमानुसार निःशुल्क जांच की सुविधा भी मिलेगी।

Jun 23, 2026 - 11:18
 0  3
कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुरू हुई एमआरआई सेवा, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

UNITED NEWS OF ASIA.कांकेर l जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल कांकेर में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का संचालन शुरू कर दिया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से अब जिले के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए रायपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर जांच सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को समय, धन और अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी।

अब तक गंभीर बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को एमआरआई कराने बाहर जाना पड़ता था। इससे यात्रा, ठहरने और अन्य खर्चों का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ता था। कई मामलों में आर्थिक कठिनाइयों के कारण मरीज समय पर जांच नहीं करा पाते थे, जिससे उपचार में भी देरी होती थी। नई सुविधा शुरू होने के बाद जिलेवासियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

पखांजूर निवासी गुरुदास बिस्वास ने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें एमआरआई जांच कराने की सलाह दी थी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बाहर जाकर जांच कराना उनके लिए मुश्किल था। रायपुर या अन्य शहरों में जाने पर यात्रा और अन्य खर्च वहन करना कठिन था। अब कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही एमआरआई सुविधा उपलब्ध होने से उन्होंने आसानी से जांच कराई। उन्होंने कहा कि जिले में यह सुविधा शुरू होने से उनके जैसे कई मरीजों को राहत मिलेगी और आर्थिक बोझ भी कम होगा।

कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इसे जिलेवासियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से लंबे समय से बंद पड़ी एमआरआई मशीन को फिर से शुरू कर दिया गया है। इससे मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे लोगों का समय और धन दोनों बचेगा।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. विमल भगत ने बताया कि अस्पताल में स्थापित 1.5 टेस्ला क्षमता वाली एमआरआई मशीन आधुनिक तकनीक से लैस है। विशेष रूप से न्यूरोलॉजी से संबंधित मरीजों के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। आयुष्मान भारत योजना और बीपीएल कार्डधारी मरीजों को नियमानुसार निःशुल्क एमआरआई जांच की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

रेडियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. के. के. शोरी ने बताया कि एमआरआई मशीन की मदद से मस्तिष्क संबंधी रोगों, ट्यूमर, रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याओं, घुटनों के जोड़ और शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों की बीमारियों की सटीक पहचान की जा सकती है। समय पर जांच होने से गंभीर बीमारियों का जल्द पता लगाया जा सकेगा और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि कांकेर में एमआरआई सेवा शुरू होने से न केवल मरीजों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी। यह सुविधा क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।