बालको टाउनशिप, बदलते परिवेश में बेहतर जीवन की नई राह

बालकोनगर में टाउनशिप के विकास को केवल आवासीय सुविधाओं तक सीमित न रखते हुए हरियाली, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, खेल, सामाजिक जुड़ाव और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। पार्कों के सौंदर्यीकरण, शैक्षणिक संस्थानों, बालको अस्पताल, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, सामुदायिक भवन और खेल सुविधाओं के विकास से टाउनशिप में जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

Sep 2, 2026 - 21:45
Sep 3, 2026 - 11:53
 0  3
बालको टाउनशिप, बदलते परिवेश में बेहतर जीवन की नई राह

UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, कोरबा l बालकोनगर में बदलते परिवेश के साथ टाउनशिप को अधिक सुंदर, हरित, स्वस्थ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एक औद्योगिक टाउनशिप की भूमिका केवल कर्मचारियों के आवास और कार्यस्थल तक सीमित नहीं होती, बल्कि वहां रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य, शिक्षा, मनोरंजन, सामाजिक जीवन और दैनिक सुविधाओं से भी उसका सीधा संबंध होता है। इसी सोच के साथ बालको द्वारा टाउनशिप के समग्र विकास पर ध्यान दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

नगर निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 39 के पार्षद सतेंद्र दुबे ने कहा कि बालको सामुदायिक विकास के साथ टाउनशिप के सर्वांगीण विकास की दिशा में भी लगातार कार्य कर रहा है। उनके अनुसार टाउनशिप और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, अंबेडकर स्टेडियम का आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण तथा अन्य जनहितकारी परियोजनाएं विकास प्रयासों का हिस्सा हैं। उन्होंने आवासीय परिसर में वृक्षारोपण और सामुदायिक भवनों के निर्माण को भी उपयोगी पहल बताया। उनके मुताबिक इन प्रयासों से स्थानीय समुदाय को सुविधाएं मिल रही हैं और जीवन की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में मदद मिल रही है।

बालको टाउनशिप की पहचान उसकी हरियाली और खुले स्थानों से भी जुड़ी हुई है। नेहरू उद्यान, फॉरेस्ट वॉकवे, स्मृति उद्यान और जुबली पार्क जैसे स्थानों के विकास एवं सौंदर्यीकरण से टाउनशिप के वातावरण को अधिक आकर्षक बनाने पर जोर दिया गया है। बेहतर हरियाली और प्रकाश व्यवस्था के साथ ये स्थान निवासियों को टहलने, प्रकृति के बीच समय बिताने और परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय गुजारने का अवसर प्रदान करते हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में भी टाउनशिप में कई संस्थाएं बच्चों और युवाओं के विकास में भूमिका निभा रही हैं। दिल्ली पब्लिक स्कूल, बालको टाउनशिप स्कूल, एमजीएम स्कूल और बाल सदन जैसी शैक्षणिक संस्थाओं के माध्यम से शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, रचनात्मकता, खेल और सामाजिक जिम्मेदारी पर ध्यान दिया जा रहा है। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ विभिन्न गतिविधियों में आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से बालको अस्पताल बालकोनगर और आसपास के समुदाय के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। 125 बेड वाले इस अस्पताल में सामान्य चिकित्सा के अलावा शिशु रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हड्डी रोग, ईएनटी, नेत्र रोग, दंत चिकित्सा और रेडियोलॉजी जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं। आईसीयू, डायलिसिस, पैथोलॉजी, सीटी स्कैन, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और आपातकालीन सेवाओं जैसी सुविधाएं भी अस्पताल में मौजूद हैं।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन पर भी जोर दिया जा रहा है। टाउनशिप में स्थापित सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट सेंटर के माध्यम से घरेलू कचरे को इलेक्ट्रिक वाहनों से एकत्र कर जैविक और अजैविक श्रेणियों में अलग किया जाता है। जैविक कचरे से खाद तैयार की जाती है, जबकि प्लास्टिक कचरे के जिम्मेदार तरीके से सह-प्रसंस्करण की व्यवस्था की गई है। घरों में कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए निवासियों को प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ा जा रहा है।

टाउनशिप के सामाजिक जीवन को बेहतर बनाने के लिए मंगल भवन का नवीनीकरण किया गया है, जहां जिम के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं। इंडियन कॉफी हाउस की शुरुआत से भी निवासियों और आगंतुकों के लिए मेलजोल का नया स्थान उपलब्ध हुआ है। खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अंबेडकर स्टेडियम के आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण पर काम किया जा रहा है। सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण जैसी परियोजनाओं के साथ ये प्रयास बालकोनगर में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

बालको टाउनशिप में किए जा रहे विकास कार्य इस विचार को सामने रखते हैं कि औद्योगिक प्रगति का वास्तविक लाभ तभी व्यापक होता है, जब उसके साथ समुदाय का जीवन भी बेहतर बने। हरियाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, खेल, सामाजिक जुड़ाव और नागरिक सुविधाओं के समन्वय से बालकोनगर को अधिक सुविधासंपन्न और जीवंत टाउनशिप के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।