मंत्री लखनलाल देवांगन का ऑन द स्पॉट एक्शन, एचटीपीपी कॉलोनी–रामनगर स्याहीमुड़ी मार्ग तत्काल खुलवाया
कोरबा में एचटीपीपी कॉलोनी से रामनगर स्याहीमुड़ी मार्ग बंद होने की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मौके पर पहुंचे और उत्पादन कंपनी के अधिकारियों को निर्देश देकर जेसीबी से रास्ता तत्काल खुलवाया।
UNITED NEWS OF ASIA.भूपेंद्र साहू, कोरबा। कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने जनहित के मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वे आम जनता की समस्याओं को लेकर संवेदनशील हैं। बुधवार को एचटीपीपी कॉलोनी से रामनगर स्याहीमुड़ी बस्ती जाने वाले मार्ग को उत्पादन कंपनी द्वारा बंद किए जाने की शिकायत मिलने पर मंत्री देवांगन स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को निर्देश देकर मार्ग को ऑन द स्पॉट खुलवाया।
दरअसल, एचटीपीपी कॉलोनी से रामनगर स्याहीमुड़ी बस्ती को जोड़ने वाला यह मार्ग स्थानीय लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता है। विगत दिनों बस्तीवासियों ने मंत्री लखनलाल देवांगन से मुलाकात कर शिकायत की थी कि उत्पादन कंपनी द्वारा इस मार्ग को मिट्टी और मलबा डालकर बंद कर दिया गया है, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री देवांगन बुधवार को अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने उत्पादन कंपनी के मुख्य अभियंता एवं अन्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित सर्वोपरि है और किसी भी स्थिति में आम नागरिकों की सुविधा से समझौता नहीं किया जाएगा। मंत्री के निर्देश मिलते ही कंपनी के अधिकारी हरकत में आए और तत्काल जेसीबी मशीन बुलवाकर अवरुद्ध मार्ग से मिट्टी एवं मलबा हटाया गया, जिससे रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि प्लांट से लगी बस्तियों में रहने वाले भाइयों-बहनों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आवागमन संबंधी परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधा और जनभावनाओं का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है।
इस मौके पर पार्षद नरेंद्र देवांगन, फिरत साहू, मुकुंद कंवर, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, पूर्व मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, ईश्वर साहू, नारायण ठाकुर, तुलसी ठाकुर, नारायण राजपूत, किशोर साहू, अंजय अग्रवाल, होमलाल भारिया, राज जायसवाल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
लोगों में हर्ष, मंत्री का जताया आभार
जनहित के मुद्दे पर मंत्री द्वारा मौके पर पहुंचकर स्वयं अपनी मौजूदगी में जेसीबी से रास्ता खुलवाने की कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में हर्ष व्याप्त है। बड़ी संख्या में बस्तीवासियों ने मंत्री श्री देवांगन के इस ऑन द स्पॉट एक्शन की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।