मनेन्द्रगढ़ में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, चोरी के सामान के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
मनेन्द्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने चोरी की तीन अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कॉपर वायर, लोहे की छड़ और बड़ा मोटर पंप सहित चोरी का सामान बरामद किया। प्रार्थियों ने बरामद सामान की पहचान की, जिसके बाद आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l मनेन्द्रगढ़ शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने इन मामलों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कॉपर वायर, लोहे की छड़ और बड़ा मोटर पंप सहित चोरी का सामान बरामद किया गया है। बरामद सामान की संबंधित प्रार्थियों से पहचान कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मनेन्द्रगढ़ शहर में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना मिलने पर थाना कोतवाली में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे। इनमें अपराध क्रमांक 206/26, 208/26 और 209/26 शामिल हैं। चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने मामलों के शीघ्र निराकरण और आरोपियों की पतासाजी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया। टीमों ने चोरी की घटनाओं से जुड़े सुरागों को जुटाते हुए संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की तीन अलग-अलग वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।
पहले मामले में रेलवे कॉलोनी निवासी गुरुदत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस ने इस मामले में राकेश यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी मनेन्द्रगढ़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 10 कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है।
दूसरे मामले में वार्ड नंबर 9 पेंड्रा दफाई निवासी हुसैन के गोदाम से करीब 2 क्विंटल लोहे की छड़ और कटर मशीन चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। पुलिस ने इस मामले में अरमान अंसारी, उम्र 22 वर्ष, निवासी मौहारपारा वार्ड 5 तथा सुमित सिंह, निवासी मौहारपारा को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से करीब 2 क्विंटल लोहे की छड़ बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है।
तीसरे मामले में चनवारीडांड निवासी हर्षित जैन के एचआर इंडस्ट्रीज परिसर से बड़ा मोटर पंप चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में सुभाष कुमार, निवासी गदबदी बैकुंठपुर और ऋषि कुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी पेंड्रा, हाल मुकाम खेड़िया तिराहा को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चोरी किया गया बड़ा मोटर पंप बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 14 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने चोरी का सामान बरामद करने के बाद संबंधित प्रार्थियों को बुलाकर उसकी पहचान की कार्रवाई पूरी कराई। पहचान और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, एसआई जयालक्ष्मी, पीएसआई दीपशिखा, एएसआई चेतन रजवाड़े सहित पुलिस और साइबर सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।
मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी चोरी की घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर नजदीकी थाना अथवा पुलिस को अवगत कराएं। पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम के लिए आम नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण है।