पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों से ओडिशा की ओर से महासमुंद की दिशा में अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर द्वारा बताए गए संदिग्ध वाहन आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका और वाहन सवार लोगों से पूछताछ की। इसके बाद वाहनों और उनके सामान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की सीट के अंदर रखी बोरी से 7 किलो गांजा बरामद हुआ, जबकि एक स्कूटी की डिक्की में प्लास्टिक की झिल्ली में पैक 3 किलो गांजा पाया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 10 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चुनेलाल बाग (19 वर्ष) निवासी परवांसर थाना राजा खरियार जिला नुआपाड़ा (ओडिशा), चंद्रा तांडी (30 वर्ष) निवासी बरगांव थाना बुढ़ेन जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) और संदीप देवनानी (20 वर्ष) निवासी सुभाषनगर गली नंबर 1, तेलीबांधा थाना क्षेत्र जिला रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा परिवहन में प्रयुक्त एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NJ 8116, एक स्कूटी क्रमांक CG 04 NC 0372 और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
इस मामले में कोमाखान थाना में अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक करीब 3051.511 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 15 करोड़ 22 लाख 23 हजार रुपये बताई गई है। इस दौरान कुल 128 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 95 आरोपी छत्तीसगढ़ के बाहर के रहने वाले हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।