बलरामपुर की समीक्षा बैठक में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिए निर्देश, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं
बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में गुणवत्ता व गति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी क्षेत्रों में नियमित निगरानी, किसानों के एग्रीस्टेक एवं पीएम किसान पंजीयन, हर घर मुनगा रोपण, स्कूल भवनों की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़क निर्माण और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. बलरामपुर l महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री तथा बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बलरामपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्यों का वास्तविक प्रभाव मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं की निगरानी करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि शासन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही जिले का समग्र विकास संभव है। सभी विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें और निर्धारित समय-सीमा में कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने न्यायालय में लंबित प्रकरणों, अविवादित एवं विवादित खाता विभाजन, सीमांकन तथा एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों का एग्रीस्टेक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसान शासन की योजनाओं से वंचित न रहें।
खाद और बीज के भंडारण एवं वितरण की समीक्षा करते हुए मंत्री ने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में सुपोषण वृक्ष मुनगा के रोपण की जानकारी लेते हुए हर घर मुनगा लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुनगा पोषण का अच्छा स्रोत है और इसे पोषण अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जाना चाहिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़ने पर भी उन्होंने जोर दिया।
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान लक्ष्मी राजवाड़े ने निर्माणाधीन स्कूल भवनों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मरम्मत योग्य भवनों की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए न्योता भोज तथा आश्रम-छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। स्कूलों में सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और उचित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना में ई-केवाइसी, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, खराब हैंडपंपों को तत्काल सुधारने तथा जलस्रोतों के संरक्षण और जलसंचय कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण और गौधाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिक से अधिक पशुपालकों को इन योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और पीएम जनमन सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का चिन्हांकन और सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने वर्षा और बोवाई की स्थिति, एग्रीस्टेक पंजीयन, वीबी-जी रामजी, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन आवास और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने अपराध, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट जागरूकता अभियान की जानकारी दी।
वनमण्डलाधिकारी आलोक वाजपेयी ने विभागीय कार्यों की जानकारी दी। मंत्री ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित मुनादी कराने और ग्रामीणों को समय पर सचेत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, विधायक प्रतिनिधि बलवंत सिंह सहित जिले के अधिकारी उपस्थित रहे।