कोरिया में 3 लाख से अधिक दीयों से जगमगाया ‘आशीर्वाद का दीया’, घर-घर दिखी सेवा और जनभागीदारी
सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरिया जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और हितग्राहियों के घरों सहित विभिन्न स्थानों पर 3 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, विकसित भारत जीरामजी योजना और बिहान से जुड़े परिवारों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। बैकुण्ठपुर और सोनहत की चयनित ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप जलाए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l कोरिया, 17 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने पूरे कोरिया जिले को दीपों की रोशनी से जगमगा दिया। घरों की देहरी से लेकर ग्राम पंचायत भवनों तक और अमृत सरोवरों के तटों से लेकर स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा शासकीय संस्थानों तक एक साथ दीप प्रज्वलित किए गए। जिलेभर में 3 लाख से अधिक दीयों की रोशनी में सेवा, आभार और जनभागीदारी की भावना देखने को मिली।
ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में लोगों ने उत्साह के साथ अपने घरों, सार्वजनिक स्थलों और संस्थानों में दीप जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भी दीप प्रज्वलित कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आश्रम शालाओं और स्कूल परिसरों में भी दीपों की रोशनी नजर आई।
अमृत सरोवरों के तटों पर आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने सामूहिक रूप से दीप जलाए। ग्राम पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, जनपद पंचायत पदाधिकारियों और स्थानीय समूहों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की गई। ग्राम पंचायत भवनों में भी स्थानीय जनसमुदाय, पंचायत पदाधिकारियों और मैदानी अमले ने मिलकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने अपने पक्के घरों में दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाई। हितग्राहियों ने आवास सुविधा मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। इसी तरह विकसित भारत जीरामजी योजना से जुड़े ग्रामीण परिवारों ने भी दीप उत्सव में भाग लिया। योजना के तहत जिले में वर्तमान में 50 हजार से अधिक श्रमिक परिवार पंजीकृत हैं। इन परिवारों ने अपने घरों में दीप जलाकर विकसित भारत के संकल्प में सहभागिता दर्ज की।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़े परिवारों की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित किए। जिले में 60 हजार से अधिक परिवारों की महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ा गया है। लखपति दीदियों के परिवारों सहित समूहों से जुड़ी महिलाओं ने घरों में दीप जलाकर सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा बनने का संदेश दिया।
जनपद पंचायत स्तर पर भी विशेष आयोजन किए गए। बैकुण्ठपुर की 15 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। वहीं सोनहत की 10 ग्राम पंचायतों में भी सभी घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया। इस प्रकार घर से गांव, सरोवर से विद्यालय और हितग्राहियों के आवास से शासकीय संस्थानों तक दीपों की रोशनी ने सेवा, सहभागिता और संकल्प की भावना को व्यापक रूप से प्रदर्शित किया।