राज्योत्सव में दमकेगा ‘कोरिया का विकास मॉडल’, भव्य आयोजन में दिखेगी 25 वर्षों की प्रगति

कोरिया जिले का तीन दिवसीय राज्योत्सव 2 से 4 नवम्बर तक बैकुंठपुर मिनी स्टेडियम में आयोजित होगा। इसमें जिले की विकास यात्रा, छायाचित्र प्रदर्शनी, ‘अप्रतिम कोरिया’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्थानीय व्यंजनों का संगम देखने को मिलेगा। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी और सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

Nov 1, 2025 - 11:15
 0  15
राज्योत्सव में दमकेगा ‘कोरिया का विकास मॉडल’, भव्य आयोजन में दिखेगी 25 वर्षों की प्रगति

UNITED NEWS OF ASIA. प्रदीप पाटकर, कोरिया। कोरिया जिले का ऐतिहासिक तीन दिवसीय राज्योत्सव इस बार अपनी भव्यता और विशिष्टता के लिए यादगार बनने जा रहा है। 2 से 4 नवम्बर तक बैकुंठपुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित इस उत्सव में कोरिया का विकास मॉडल, संस्कृति, परंपरा और नवाचार एक साथ नजर आएंगे।

कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी और जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी लगातार स्थल निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम की सभी तैयारियां बेहतर ढंग से पूर्ण की जा सकें।

विकास यात्रा का विशेष प्रदर्शन
राज्योत्सव में जिले की वर्ष 2000 से 2025 तक की विकास यात्रा को विशेष थीम लेआउट में प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना से मिले नए घर, जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पहुंचा नल जल, सिंचाई एवं पेयजल परियोजनाओं का विस्तार, ग्रामीण सड़कों और बिजली व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण और पर्यटन विकास की संभावनाएं प्रमुख आकर्षण रहेंगी।

‘अप्रतिम कोरिया’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन
उत्सव के दौरान जिले के पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक पहचान पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘अप्रतिम कोरिया’ का विमोचन मुख्य अतिथि के हाथों किया जाएगा। यह पुस्तक कोरिया जिले की सुंदरता, प्राकृतिक धरोहरों और जनजीवन की जीवंत झलक प्रस्तुत करेगी।

छायाचित्र प्रदर्शनी और सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम
जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी जिले के विकास की कहानी को तस्वीरों में बयां करेगी। वहीं, मंच पर आयोजित होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में स्कूलों के बच्चों के कार्यक्रम, भजन-संध्या, सूफी संगीत, लोकगीत और लोकनृत्य दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

परंपरागत स्वाद और स्थानीय उत्पादों की झलक
उत्सव स्थल पर कोरिया की पारंपरिक व्यंजनों की महक और स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी आकर्षण का केंद्र होगी। महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को भी यहां प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे स्थानीय महिला उद्यमियों को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिलेगा।

राज्योत्सव का यह आयोजन न केवल कोरिया जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगा, बल्कि एक सशक्त, सांस्कृतिक और प्रगतिशील कोरिया की झलक पूरे छत्तीसगढ़ के सामने पेश करेगा।