मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से कोण्डागांव के 121 गांवों को नियमित परिवहन सुविधा
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत कोण्डागांव जिले में 9 बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बस सेवाओं से 121 गांवों के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों और श्रमिकों को बाजार, कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्र एवं शासकीय कार्यालयों तक नियमित आवागमन की सुविधा मिल रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. रामेश्वर पांडे, कोण्डागांव। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत कोण्डागांव जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में योजना के तहत कुल 9 बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे 121 गांवों के लोगों को नियमित आवागमन की सुविधा मिल रही है। बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों के लिए बाजार, शासकीय कार्यालय, स्वास्थ्य संस्थान, शिक्षण संस्थान और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। रिपोर्टर राज पांडे के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा के विस्तार से आम नागरिकों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने में काफी सहूलियत मिल रही है।
इरागाँव निवासी धनसू राम सेठिया ने बताया कि पहले गांव में नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए उन्हें वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत गांव तक बस सेवा शुरू होने के बाद आवागमन आसान हुआ है और ग्रामीणों को नियमित परिवहन का लाभ मिल रहा है।
इरागाँव निवासी दीपा नेगी ने बताया कि पहले इरागाँव से केशकाल आने-जाने में काफी कठिनाई होती थी। नियमित परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण समय और श्रम दोनों अधिक लगते थे। अब बस गांव तक पहुंच रही है, जिससे केशकाल सहित आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने में सुविधा हो गई है। उन्होंने कहा कि नियमित बस सेवा ग्रामीणों के रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है।
केशकाल निवासी सविता मरापी भी ग्रामीण बस सेवा को अपने कार्य के लिए उपयोगी बता रही हैं। बिहान से जुड़कर पशु सखी के रूप में कार्य करने के कारण उन्हें केशकाल और आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से आना-जाना पड़ता है। पहले परिवहन सुविधा सीमित होने के कारण उन्हें परेशानी होती थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत संचालित बसों से आवागमन आसान हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली छात्राओं को भी इस योजना का सीधा लाभ मिल रहा है। नियमित बस सेवा उपलब्ध होने से गांव से केशकाल कॉलेज तक आने-जाने में सुविधा हुई है। पहले सीमित परिवहन साधनों के कारण छात्राओं को कॉलेज पहुंचने में परेशानी होती थी, लेकिन अब नियमित बस मिलने से उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिल रही है।
बस संचालक धर्मेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत संचालित बसों से आम जनता को काफी लाभ मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवा को लेकर लोगों में उत्साह है, क्योंकि अब बस उनके गांव तक पहुंच रही है और नियमित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
योजना के तहत कोण्डागांव से मर्दापाल मार्ग पर 22 गांव, बहीगांव से विश्रामपुरी मार्ग पर 12 गांव, कोण्डागांव से कमेला मार्ग पर 6 गांव और छतोडी से कोण्डागांव मार्ग पर 17 गांव लाभान्वित हो रहे हैं। इसी तरह कोनगुड़ से फरसगांव मार्ग पर 11 गांव, भैंसाबेड़ा से केशकाल मार्ग पर 18 गांव, कनकपुर से कोण्डागांव मार्ग पर 10 गांव, छतोडी से जगदलपुर मार्ग पर 17 गांव तथा माकड़ी से फरसगांव मार्ग पर 8 गांवों के ग्रामीणों को नियमित परिवहन सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बढ़ी है। विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं, बिहान से जुड़ी महिलाओं और अन्य नागरिकों को अपने दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में सुविधा मिल रही है। दूरस्थ गांवों को नियमित बस सेवा से जोड़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और सरकारी सेवाओं तक पहुंच भी आसान हुई है। योजना ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ लोगों की दैनिक जरूरतों और आर्थिक गतिविधियों को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।