कवर्धा में युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प, ‘नशामुक्त युवा-फॉर विकसित भारत’ का दिया संदेश

कवर्धा के ग्राम पंचायत खम्हरिया में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत 100 सप्ताह नशामुक्त युवा अभियान, राष्ट्रीय संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। युवाओं और ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। नशामुक्ति संकल्प चक्र के जरिए युवाओं ने जागरूकता का संदेश दिया।

Sep 20, 2026 - 16:10
 0  3
कवर्धा में युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प, ‘नशामुक्त युवा-फॉर विकसित भारत’ का दिया संदेश

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा जिले के ग्राम पंचायत खम्हरिया में युवाओं और ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प लेते हुए ‘नशामुक्त युवा-फॉर विकसित भारत’ का संदेश दिया। मेरा युवा भारत कवर्धा और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के अंतर्गत 100 सप्ताह नशामुक्त युवा अभियान, राष्ट्रीय संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खम्हरिया के सरपंच नरेंद्र निर्मलकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं सहायक शिक्षक गायत्री चंद्रवंशी, अभिषेक मिश्रा, ननुदास बंजारे और दुर्गेश साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में युवाओं और ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इसके साथ ही परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।

आयोजन के दौरान नशामुक्ति संकल्प चक्र के माध्यम से युवाओं ने एकजुट होकर नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया। युवाओं ने सामूहिक रूप से यह संदेश देने का प्रयास किया कि नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ और जागरूक समाज की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। संकल्प चक्र के माध्यम से युवाओं की सामूहिक भागीदारी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।

राष्ट्रीय संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान में भी युवाओं और ग्रामीणों ने सहभागिता की। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से उन्होंने नशामुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए परिवार और समाज में भी इस संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की गई। आयोजन में शामिल युवाओं ने नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।

कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी राज पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक रोहित रजक के नेतृत्व में ब्लॉक पंडरिया क्षेत्र से कार्यक्रम की गतिविधियों को संचालित किया गया। कार्यक्रम का संचालन परषोत्तम निर्मलकर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम खम्हरिया के युवाओं और युवतियों की विशेष भूमिका रही।

इस अवसर पर युवाओं ने स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। साथ ही ‘नशामुक्त युवा-फॉर विकसित भारत’ के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास का संदेश दिया गया।