कायाकल्प योजना में जिला चिकित्सालय सूरजपुर प्रदेश में प्रथम, स्वास्थ्य सेवाओं में रचा नया कीर्तिमान
कायाकल्प स्वच्छ अस्पताल योजना 2024-25 के अंतर्गत जिला चिकित्सालय सूरजपुर ने 94.9 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। जिले के 4 सीएचसी, 36 पीएचसी और 99 आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी सम्मानित हुए।
UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। कायाकल्प स्वच्छ अस्पताल योजना 2024-25 के अंतर्गत जिला चिकित्सालय सूरजपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नई उपलब्धि दर्ज की है। जिला चिकित्सालय ने 94.9 प्रतिशत अंक अर्जित कर यह गौरव हासिल किया है, जो जिले की सुदृढ़ होती स्वास्थ्य सेवाओं और प्रभावी प्रबंधन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
यह उल्लेखनीय सफलता कलेक्टर एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन के कुशल निर्देशन में स्वास्थ्य संस्थाओं में निरंतर किए गए सुधारात्मक प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। जिला चिकित्सालय में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, अपशिष्ट प्रबंधन, रोगी सुविधाओं एवं आंतरिक व्यवस्थाओं को उच्च मानकों के अनुरूप विकसित किया गया, जिससे यह उपलब्धि संभव हो सकी।
कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। जिले के 04 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र — भैयाथान, प्रतापपुर, बिश्रामपुर एवं लटोरी सहित 36 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और 99 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर पुरस्कार हासिल किया है। यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाती है कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कायाकल्प स्वच्छ अस्पताल योजना का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वच्छता, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण और रोगी सुरक्षा के उच्च मानकों की स्थापना करना है। इस योजना के तहत स्वास्थ्य संस्थाओं का नियमित मूल्यांकन, सहकर्मी समीक्षा और निर्धारित मानक प्रोटोकॉल के पालन को प्राथमिकता दी जाती है।
इस योजना के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य संस्थाओं को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जाता है, बल्कि स्वास्थ्य कर्मियों में जिम्मेदारी और प्रतिस्पर्धात्मक भावना भी विकसित होती है। सूरजपुर जिले की इस उपलब्धि से यह स्पष्ट होता है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध एवं सतत प्रयास कर रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने इस सफलता पर जिले के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, सफाई कर्मियों एवं सहयोगी कर्मचारियों को बधाई दी है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया है।